ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज में उद्योगपतियों से संवाद, समस्याओं और सुझावों पर चर्चा
फरीदाबाद के ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ एक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और ईएसआईसी लाभार्थियों को समस्याओं पर चर्चा की गई। उद्योगपतियों ने विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी और जटिल प्रक्रियाओं की शिकायत की। कार्यक्रम का समापन सुझावों के आदान-प्रदान के साथ हुआ।

फरीदाबाद। ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज फरीदाबाद में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ एक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ईएसआईसी लाभार्थियों को होने वाली दिक्कतों और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर मंथन हुआ। इस दौरान उद्योगपतियों ने खुलकर अपने अनुभव और सुझाव साझा किए। कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को धन्वंतरि ऑडिटोरियम में किया गया, जिसमें स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक और उद्योगपति शामिल हुए। कार्यक्रम में उद्योग प्रतिनिधियों ने ईएसआईसी की कार्यप्रणाली से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं को मंच पर रखा। उद्योग प्रतिनिधि हेमन्त शर्मा ने कहा कि ईएसआईसी अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की भारी कमी है, खासकर ऑर्थोपेडिक और स्किन विशेषज्ञों की।
उन्होंने बताया कि इलाज के दौरान अत्यधिक कागजी कार्रवाई और जटिल प्रक्रियाएं मरीजों के लिए परेशानी का कारण बनती हैं। कुछ मामलों में स्टाफ के व्यवहार को लेकर भी शिकायतें सामने आती हैं। उन्होंने आईएमटी क्षेत्र के भीतर ही ईएसआईसी डिस्पेंसरी खोलने की मांग रखते हुए कहा कि इससे श्रमिकों और उनके परिवारों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और कार्यदिवस की हानि भी नहीं होगी। कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने उद्योगपतियों का सम्मान किया। आयोजन सचिव डॉ. हेमन्त अत्री और डीन डॉ. चवन कालिदास के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे सकारात्मक पहल बताया गया। अंत में आपसी संवाद और सुझावों के आदान-प्रदान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। ----- एक फरवरी को होगी एकॉर्ड फरीदाबाद हाफ मैराथन, चार श्रेणियों में दौड़ फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। एक फरवरी को एकॉर्ड फरीदाबाद हाफ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन लोगों को फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। मैराथन में दिल्ली-एनसीआर सहित देशभर से धावकों के भाग लेने की उम्मीद है। यह मैराथन सुबह 5 बजे से 9 बजे तक सेक्टर-86 स्थित एकॉर्ड अस्पताल परिसर से शुरू होगी। आयोजन एकॉर्ड अस्पताल और फरीदाबाद ट्राइथलॉन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इस वर्ष मैराथन की थीम #ChooseFitnessOverSickness रखी गई है। आयोजन अध्यक्ष डॉ. युवराज कुमार ने कहा कि मैराथन का मकसद लोगों को नियमित व्यायाम और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि शहर के साथ-साथ बाहर से भी बड़ी संख्या में धावक इसमें भाग लेंगे। अस्पताल चेयरमैन डॉ. जितेंद्र कुमार ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग सेहत को नजरअंदाज कर रहे हैं, जबकि स्वस्थ रहना सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने इसे फिटनेस के प्रति जागरूकता का जन आंदोलन बताया। पूर्व भारतीय क्रिकेटर विजय यादव ने युवाओं से खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। ब्रांड एंबेसडर रोहताश चौधरी ने कहा कि फिटनेस को आदत नहीं, बल्कि जीवनशैली बनाना जरूरी है। मैराथन में 21 किमी, 10 किमी, 5 किमी और 3 किमी की दौड़ शामिल हैं। विजेताओं को नकद पुरस्कार और ट्रॉफी दी जाएंगी। प्रतिभागियों के लिए मेडिकल सुविधा और अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं, जबकि पंजीकरण जारी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


