Faridabad News: सोसायटियों में लगेंगे डोनेशन कलेक्शन बॉक्स
Faridabad News: फरीदाबाद में नगर निगम ने गेटेड सोसाइटियों में पुराने उपयोगी सामान को दान करने की योजना शुरू की है। लोगों द्वारा दान किए गए सामान को विशेष डोनेशन कलेक्शन बॉक्स में जमा किया जाएगा। इससे पर्यावरण संरक्षण और पुनः उपयोग को बढ़ावा मिलेगा। निगम इस पहल को निःशुल्क संचालित करेगा।

Faridabad News: फरीदाबाद, धनंजय चौहान। नगर निगम की ओर से शहर की गेटेड सोसाइटियों में पुराने लेकिन उपयोगी सामान को दान करने की सुविधा शुरू की जाएगी। पर्यावरण संरक्षण और 3आर सिद्धांत (रिड्यूस, रीयूज और रिसाइकिल) को बढ़ावा देने के लिए इच्छुक सोसायटियों में विशेष डोनेशन कलेक्शन बॉक्स लगाए जाएगे, जिनमें लोग जरूरी सामान दान कर सकेंगे। दरअसल शहर की अधिकांश सोसायटियों में पुराने लेकिन उपयोगी कपड़े, किताबें, खिलौने और घरेलू सामान को अलग से जमा करने की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में यह सामान अक्सर कचरे में चला जाता है या घरों में बेकार पड़ा रहता है। इससे पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण का उद्देश्य पूरा नहीं हो पाता।, जिसे देखते हुए नगर निगम की ओर से यह अनोखी पहल की गई है। आईईसी एक्सपर्ट कल्पना मंडल ने बताया कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ सामाजिक सहयोग को भी बढ़ावा देगी। लोगों के सहयोग से शहर में कचरे की मात्रा कम होगी और पुनः उपयोग तथा पुनर्चक्रण की संस्कृति मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि इस तरह की व्यवस्था गुरुग्राम की 88 गेटेड सोसायटियों में पहले से सफलतापूर्वक संचालित की जा रही है。
नगर निगम की पहल
नगर निगम के अनुसार अधिकृत टीम प्रत्येक 10 दिन में कलेक्शन बॉक्स खाली करेगी। बॉक्स लगाने, सामान एकत्र करने और उसके रखरखाव की पूरी व्यवस्था निगम की ओर से निःशुल्क की जाएगी। इसके लिए किसी भी सोसाइटी से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। निगम ने शहर की सभी गेटेड सोसायटियों से इस पर्यावरण हितैषी और जनहित के अभियान से जुड़ने और अधिक से अधिक सहयोग करने की अपील की है।
--


