
घरेलू सहायिका ने डॉक्टर दंपति के फ्लैट से 11 लाख रुपये चुराए
फरीदाबाद में एक घरेलू सहायिका ने इंस्टाग्राम पर प्रेमजाल में फंसकर डॉक्टर दंपति के फ्लैट से 11 लाख रुपये चुरा लिए। पीड़ित डॉक्टर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद सहायिका ने चोरी स्वीकार कर ली। पुलिस ने 50 हजार रुपये बरामद किए और आरोपी को अदालत में पेश किया।
फरीदाबाद। ‘इंस्टाग्राम’ पर एक युवक के प्रेमजाल में फंसकर घरेलू सहायिका ने ग्रेटर फरीदाबाद की पार्क ग्रांड्यूरा सोसाइटी निवासी डॉक्टर दंपति के फ्लैट से 11 लाख रुपये चोरी कर लिए। बीपीटीपी थाना पुलिस ने शनिवार को आरोपी घरेलू सहायिका से चोरी किए गए रुपयों में से 50 हजार बरामद कर लिए हैं। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित महिला डॉक्टर ने बीपीटीपी थाना पुलिस को अपनी शिकायत में बताया कि उन्होंने घर की अलमारी में करीब 11 लाख रुपये नगद रखे हुए थे। हाल ही में 15 जनवरी जब अलमारी को खोला तो उसमें रुपये गायब थे। पीड़ित डॉक्टर ने घरेलू सहायिका पर भी शक जताया था।
शक के आधार पर पुलिस ने घरेलू सहायिका से पूछताछ की। उसने चोरी करना कबूल कर लिया। पुलिस ने शनिवार को आरोपी घरेलू सहायिका को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को एक दिन के पुलिस रिमांड पर सौंप दिया है। पुलिस रिमांड के दौरान घरेलू सहायिका ने बताया कि उसे अलमारी में रुपये होने की जानकारी थी। जब डॉक्टर दंपति घर से बाहर होता था तो वह अलमारी खोलकर नकदी चोरी कर लेती थी। उसने बताया कि उसने इंस्टाग्राम पर अकाउंट बनाया हुआ है। उसका संपर्क एक युवक से हो गया था। उसने उससे शादी करने का वायदा किया था। उसने उससे कहा था कि वह मुसीबत में फंस गया है। उसे रुपयों की जरूरत है। इस पर उसने उसकी मदद करने के लिए डॉक्टर दंपति के यहां से चोरी करनी शुरू कर दी थी। वह अपने प्रेमी के पास ऑनलाइन रुपये भेज रही थी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




