एक हफ्ते बाद फिर लौटा कोहरा, हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थमी
फरीदाबाद में एक सप्ताह बाद घना कोहरा छा गया। सुबह सड़कों पर दृश्यता 10 मीटर तक रह गई, जिससे कई वाहन रेंगते हुए चले। तापमान 12 से 9 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। प्रदूषण के कारण हवा की गुणवत्ता भी खराब रही, जिससे अस्पतालों में सांस संबंधी मरीजों की संख्या बढ़ी।

फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। स्मार्ट सिटी में एक सप्ताह बाद सोमवार को घना कोहना पड़ा। सुबह सड़कों पर कोहरे के कारण अंधेरी छा गई। सड़कों पर दृश्यता महज 10 मीटर तक रह गई। एनआईटी पांच में कोहरे के कारण एक कार डिवाइडर से टकरा गई। फिलहाल चालक सुरक्षित है। वहीं हादसों से बचने के लिए वाहन चालकों को हेड लाइट और डिपर लाइटें जला कर चलना पड़ा। ऐसे में कई मार्गों पर यातायात की रफ्तार थम गई। वाहन रेंग-रेंगकर चलते नजर आए, जिससे दफ्तर जाने वाले नौकरीपेशा लोगों और स्कूली बच्चों को समय पर पहुंचने में काफी परेशानी उठानी पड़ी। मौसम विभाग के अनुसार कोहरे के साथ तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
रविवार को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सोमवार सुबह लुढ़ककर 9 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। पिछले कुछ दिनों में मौसम में उतार चढ़ाव की स्थिति बनी हुई है। दो दिन से तेज धूप निकल रही थी। लोगों को दिन में गर्मी का अहसास होने लगा था। ऐसे में लोग आस लगाए बैठे थे कि आगामी कुछ दिनों में गर्मी आ जाएगी। लेकिन सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ली।एक सप्ताह बाद शहर में घना कोहरा छा गया। सुबह हालत यह थी कि पास खड़ा व्यक्ति तक आसानी से नहीं दिख रहा था। तापमान में अचानक आई दो डिग्री की गिरावट से ठंड का असर और बढ़ गया है। सुबह-शाम लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है और खुले इलाकों में ठिठुरन ज्यादा महसूस की जा रही है। -- चार गुना हवा खराब कोहरे के साथ जहरीली हवा ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सोमवार को शहर की हवा औसम से चार गुना अधिक खराब रही। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 200 के आसपास दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। प्रदूषण के कारण सांस संबंधी दिक्कतों वाले मरीजों की संख्या में इजाफा देखा गया है। अस्पतालों में अस्थमा, एलर्जी और हृदय रोग से पीड़ित मरीज अधिक संख्या में पहुंच रहे हैं। डॉक्टरों ने बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों को सुबह-शाम बाहर निकलने से बचने और मास्क का उपयोग करने की सलाह दी है। -- घने कोहरे में दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ी यातायात थाना प्रभारी अनुज ने कहा कि घने कोहरे में दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है, इसलिए वाहन चालकों से धीमी गति से चलने, सुरक्षित दूरी बनाए रखने और अनावश्यक ओवरटेक से बचने की अपील की गई है। कई स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने सुबह के समय वाहन चालकों को सतर्क करते हुए सुचारु यातायात बनाए रखने की कोशिश की। मौसम वैज्ञानिक महेश पहलावत ने कहा कि अगले कुछ दिनों तक सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना बनी रहेगी। वहीं तापमान में उतार-चढ़ाव के साथ ठंड का असर जारी रह सकता है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने, गर्म कपड़े पहनने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की जरूरत है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




