Faridabad News: जिले में डेंगू के दस नए मरीज मिले
Faridabad News: फरीदाबाद में वायरल बीमारियों का प्रकोप बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू के दस नए मरीजों की पुष्टि की है, जिससे कुल मरीजों की संख्या 35 हो गई है। सभी मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग ने एंटी लार्वा गतिविधियों को तेज कर दिया है और लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

Faridabad News: फरीदाबाद, अभिषेक शर्मा। जिले में वायरल बीमारियों का प्रकोप बढ़ने लगा है। स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को डेंगू के दस नए मरीजों की पुष्टि की। इसके साथ ही जिले में डेंगू के कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 35 हो गई है। राहत की बात यह है कि डेंगू से पीड़ित सभी मरीज उपचार के बाद स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं।
डेंगू मामलों की स्थिति
वहीं, जिले में मलेरिया के तीन मामले भी सामने आ चुके हैं। डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में एंटी लार्वा गतिविधियां तेज कर दी हैं। नए मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने उनके घरों और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर मच्छरों के लार्वा को नष्ट कराया। साथ ही लोगों को डेंगू से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया गया। मरीजों के परिजनों और आसपास रहने वाले लोगों को भी सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की पहल
स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक डेंगू की रोकथाम के लिए 3200 से अधिक लोगों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। विभाग का कहना है कि घरों में कूलर, गमले, छतों और अन्य स्थानों पर पानी जमा न होने दें। जमा पानी मच्छरों के पनपने का प्रमुख कारण बन सकता है। लोगों को फुल बाजू के कपड़े पहनने और शरीर को ढककर रखने की सलाह दी गई है।
डॉक्टरों की सलाह
डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि लगातार बुखार रहने पर खुद से दवा लेने के बजाय चिकित्सक से परामर्श लें और जरूरत पड़ने पर डेंगू व मलेरिया की जांच कराएं। सर्दी-जुकाम, खांसी और बुखार जैसे लक्षण होने पर चिकित्सक की सलाह के अनुसार स्वाइन फ्लू की जांच भी कराई जा सकती है। उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामभगत ने बताया कि जिले में डेंगू के नए मामले सामने आए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में एंटी लार्वा अभियान चलाकर आवश्यक गतिविधियां कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि स्वाइन फ्लू का एक मरीज निजी अस्पताल में उपचाराधीन है।
---

