
मेवात में यूनिवर्सिटी खोलने की मांग तेज
मेवात क्षेत्र में उच्च शिक्षा की सुविधा बढ़ाने की मांग फिर से तेज हो गई है। मेवात विकास सभा ने नांगल मुबारिकपुर में यूनिवर्सिटी स्थापना का प्रस्ताव रखा है। प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को मांगपत्र सौंपा, जिसमें कहा गया कि शिक्षा के अभाव में क्षेत्र के छात्र पिछड़ रहे हैं।
नूंह, मुख्य संवाददाता। मेवात क्षेत्र में उच्च शिक्षा की सुविधा बढ़ाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। मेवात विकास सभा ने नांगल मुबारिकपुर में यूनिवर्सिटी स्थापना का प्रस्ताव रखा है। इस संबंध में प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को नूंह उपायुक्त को मांगपत्र सौंपा। शिक्षा के अभाव में पिछड़ रहे छात्र मेवात विकास सभा के अध्यक्ष फकरुद्दीन चेयरमैन के नेतृत्व में पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त अखिल पिलानी यूनिवर्सिटी निर्माण की आवश्यकता से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि मेवात में लंबे समय से उच्च शिक्षा संस्थान की मांग की जा रही है, ताकि स्थानीय युवाओं को बाहर न जाना पड़े।

सभा ने कहा कि शिक्षा के अभाव में क्षेत्र के छात्र पिछड़ रहे हैं और यूनिवर्सिटी की स्थापना से मेवात के शैक्षणिक स्तर में बड़ा सुधार आ सकता है। छह साल से प्रस्ताव लंबित पदाधिकारियों ने उपायुक्त को बताया कि वर्ष 2019 में ग्राम पंचायत नांगल मुबारिकपुर ने यूनिवर्सिटी के लिए भूमि उपलब्ध कराने का लिखित प्रस्ताव पारित किया था। उस समय सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बावजूद प्रशासनिक कारणों से स्थान को उपयुक्त नहीं माना गया और योजना आगे नहीं बढ़ सकी। अब जब प्रशासन की ओर से दोबारा भूमि प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं, तो सभा ने नांगल मुबारिकपुर को फिर से सबसे उपयुक्त स्थल बताते हुए प्रस्ताव रखा है। यूनिवर्सिटी के लिए नांगल मुबारिकपुर उपयुक्त स्थान सभा के संरक्षक सद्दीक अहमद मेव, जिला पार्षद उमर पाड़ला, वरिष्ठ अधिवक्ता रमजान चौधरी और महासचिव सब्बीर अहमद ने कहा कि नांगल मुबारिकपुर भौगोलिक रूप से मेवात के मध्य में स्थित है और यहां सड़क, परिवहन व बिजली जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि यहां यूनिवर्सिटी बनने से फिरोजपुर झिरका, पुन्हाना, तावडू और नगीना जैसे क्षेत्रों के छात्रों को लाभ मिलेगा। उपायुक्त अखिल पिलानी ने मांगपत्र पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन देते हुए बताया कि फिलहाल मढ़ी गांव में आईआईटी और नीट की तैयारी के लिए निशुल्क कक्षाएं चलाई जा रही हैं, जहां इच्छुक छात्र प्रवेश ले सकते हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




