खेतों में लटक रहे बिजली के तारों से हादसे का खतरा
गांव सिहोल में बिजली के लटकते तारों से श्रद्धालु और किसान परेशान हैं। ग्रामीणों ने कई बार शिकायत की लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। मंदिर के रास्ते से गुजरते समय खतरा बढ़ गया है। किसान ट्रैक्टर चलाते समय भी दुर्घटना का डर महसूस कर रहे हैं। बिजली विभाग ने जल्द सुधार का आश्वासन दिया है।

पलवल, संवाददाता। गांव सिहोल में खेतों में लटक रहे बिजली के तारों से हादसे का खतरा बना हुआ है। मंदिर के रास्ते से गुजरने वाले श्रद्धालु और किसान दहशत में हैं। ग्रामीणों ने कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। गांव के लोगों का कहना है कि हाई वोल्टेज लाइन काफी नीचे झूल रही है। रास्ता संकरा होने के कारण वाहन और ट्रैक्टर इन तारों के बेहद करीब से गुजरते हैं। ऐसे में जरा सी चूक बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। ग्रामीणों में विभाग की लापरवाही को लेकर नाराजगी है। मंदिर मार्ग पर हर दिन गुजरते हैं हजारों लोग गांव सिहोल में सही बाबा का मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र है।
यहां रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा के लिए आते हैं। त्योहारों और विशेष अवसरों पर यह संख्या और बढ़ जाती है। मंदिर तक जाने वाले मुख्य रास्ते के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। तार नीचे होने के कारण पैदल चलने वालों को भी डर बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह रास्ता और ज्यादा खतरनाक हो गया है। किसानों को ट्रैक्टर चलाते समय जान का जोखिम मंदिर मार्ग के पास ही खेत हैं, जहां किसान ट्रैक्टर और अन्य कृषि यंत्रों से काम करते हैं। खेतों में जुताई करते समय ऊंचे ट्रैक्टर और ट्रॉली तारों के संपर्क में आ सकते हैं। ग्रामीण बेदराम और भगति ने बताया कि कई बार लाइनमैन को सूचित किया गया, लेकिन तारों को ऊंचा नहीं किया गया। किसानों का कहना है कि अगर ट्रैक्टर का कोई हिस्सा तार से छू गया तो बड़ा हादसा हो सकता है। इस डर के साथ खेती करना मजबूरी बन गया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि अस्थायी नहीं, बल्कि स्थायी समाधान किया जाए ताकि भविष्य में किसी की जान खतरे में न पड़े। पहले भी हो चुके हैं कई दर्दनाक हादसे जिले में पहले भी लटकते और टूटे तारों से कई जानें जा चुकी हैं। गांव पेलक में 17 वर्षीय छात्र की मौत, जटौला निवासी सुनील की हाईटेंशन तार गिरने से जान जाना और रसूलपुर रोड पर रोबिन की मौत जैसी घटनाएं लोगों को याद हैं। भिडूकी में छत पर खेल रही तीन साल की बच्ची भी करंट की चपेट में आ चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो सिहोल में भी ऐसी घटना दोहराई जा सकती है। विभाग ने जल्द सुधार का दिया आश्वासन बिजली विभाग के अधीक्षक अभियंता रंजन राव ने कहा कि यदि तार नीचे लटके हैं तो लाइनमैन को भेजकर उन्हें ठीक कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभाग लोगों की सुविधा और सुरक्षा के लिए काम कर रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



