
तीन सड़क हादसों में एक बुजुर्ग की मौत, पांच वाहन क्षतिग्रस्त
बल्लभगढ़ / फरीदाबाद। हिटी शहर में अलग-अलग स्थानों पर तीन सड़क हादसों में एक
बल्लभगढ़ / फरीदाबाद। हिटी शहर में अलग-अलग स्थानों पर तीन सड़क हादसों में एक साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। दो स्थानों पर आपसी टक्कर में वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। इससे दुर्घटना स्थलों पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, बल्लभगढ़ में सेक्टर- 4 के पास शनिवार सुबह ड्यूटी जा रहे एक बुजुर्ग साइकिल सवार को डंपर ने टक्कर मार दी। इस कारण साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। चालक डंपर को लेकर फरार हो गया। शहर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।
मृतक की पहचान भीमसेन कॉलोनी निवासी 60 वर्षीय सुभाष शर्मा के रूप में हुई। वे सेक्टर-4 की ओर अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे। जब वह चावला कॉलोनी के पास गुरुग्राम नहर के पास पहुंचे तभी एक डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। जिस कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। यह देखकर वहां राहगीर रुक गए। आस-पास के रिहायशी इलाकों से लोग भी आकर जमा हो गए। इससे वहां ट्रैफिक जाम पैदा हो गया। दुर्घटना देख लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मृतक की पहचान होने के बाद उनके परिजनों को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। लोगों का कहना है कि दुर्घटना के वक्त डंपर तेज रफ्तार में था। -- बाइक सवार को बचान के चक्कर में तीन वाहन भिड़े: शनिवार सुबह सैनिक कॉलोनी के पास बाइक सवार को बचाने के चक्कर में कार चालक ने जैसे की ब्रेक लगाए तो पीछे से आ रही हरियाणा रोडवेज की बस उससे जा भिड़ी। इससे कार का शीशा टूट गया। इसी तरह बस के पीछे आ रही पिकअप गाड़ी भी बस से टकरा गई। इससे पिकअप का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसा होने पर वहां जाम के हालात पैदा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। यहां कार मालिक ने बताया कि कार उसका चालक चला रहा था। अचानक एक बाइक या ऑटो अचानक कार के सामने आ गया था। उसे बचाने के चक्कर में चालक ने ब्रेक लगाए तो पीछे से आ रही रोडवेज बस उसकी कार से भिड़ गई थी। पिकअप चालक ने बताया कि वह रोडवेज की बस के पीछे चल रहा था। जैसे ही बस चालक ने ब्रेक लगाए तो वह तुरंत ब्रेक नहीं लगा पाया और उसकी गाड़ी रोडवेज बस से जा टकराई। जिससे उसकी गाड़ी का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। -- सैनिक कॉलोनी मोड़ पर थार गाड़ी ट्रक से टकराई: सैनिक कॉलोनी मोड़ पर एक थार गाड़ी वहां से गुजर रहे एक ट्रक से टकरा गई। इससे वहां जाम के हालात पैदा हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस थार गाड़ी को नई दिल्ली निवासी चंचल नामक महिला चला रही थी। फोन पर बात करने के दौरान यह हादसा होने की जानकारी सामने आ रही है। हालांकि, महिला ने हादसे के वक्त फोन पर बात करने से इंकार किया। महिला ने पुलिस को बताया कि हादसा होने के बाद उसने मदद के लिए अपने संबंधी को फोन किया था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




