
लालच में बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगों को दे रहे
फरीदाबाद में साइबर ठग करंट बैंक खातों को किराए पर लेकर ठगी कर रहे हैं। फर्म संचालकों को मोटे कमीशन पर खाते दिए जा रहे हैं। इससे चार करोड़ 43 लाख रुपये की ठगी की गई। पुलिस ने लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है, ताकि वे ठगों के जाल में न फंसें।
फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। साइबर ठग साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम देने के लिए करंट(चालू) बैंक खाता किराए पर ले रहे हैं। करंट बैंक खाता फर्म संचालकों को मोटा कमीशन देकर लिया जा रहा है। इस चक्कर में नए बैंक खाते खुलवाकर फर्म संचालक साइबर ठगों को दे रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, साइबर ठग लोगों को ठगने और अपने आपको बचाने के लिए किराए पर बैंक खाते लेते हैं। बचत बैंक खातों की जगह अब साइबर ठग करंट बैंक खाते भी किराए पर ले रहे हैं। इसकी वजह यह कि बचत बैंक खाते में सीमित लेन-देन होता है, लेकिन करंट बैंक खाते में असीमित लेनदेन कर सकते हैं।
इसके लिए साइबर ठगों के एजेंट फर्म संचालकों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। उन्हें मोटे कमीशन का लालच दिया जा रहा है। सेक्टर-नौ निवासी एक डॉक्टर से हुई चार करोड़ 43 लाख रुपये की ठगी के मामले में करंट बैंक खाता किराए पर लेकर अंजाम दिया गया था। कुछ लोगों के पास पहले से ही करंट खाता मौजूद होता है तो कुछ साइबर अटैक के लिए ही खाता खुलवाकर अपने बैंक खाता किराए पर देते हैं। इसके अलावा बचत खाते भी किराए पर दे रहे हैं, लेकिन इनमें कम राशि आती है इस वजह से लोगों का कमीशन भी काम होता है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि लोगों को साइबर ठगों की जाल में फंसने से बचना चाहिए। बैंक खाते में साइबर ठगी की रकम आती है। इस वजह से बैंक खाता धारकों के खिलाफ पुख्ता सबूत होते हैं। इसलिए वजह से उनका कानूनी शिकंज से बचना मुश्किल होता है। लोगों को अपने बैंक खातों को साइबर ठगों को देने से बचना चाहिए । 800 से ज्यादा मामले हो चुके हैं दर्ज जिले में तीन साइबर अपराध थाने हैं, इनमें पुलिस 800 से ज्यादा मामले दर्ज कर चुकी है। जिन मामलों में 1930 पर फोन करने के बाद ठगी की रकम फ्रिज हो जाती है तो अक्सर पुलिस मामला दर्ज न कर पीड़ित को उससे ठगी गई रकम दिलवाने में मदद करती है। ठगी होने पर यहां शिकायत करें साइबर ठगी होने पर इसकी शिकायत साइबर क्राइम थाना और साइबर सेल के टोल फ्री नंबर 1930 और 155260 पर करें। इसके अलावा साइबर अपराध Cybercrime. gov.in पर भी ईमेल की जा सकती है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




