स्कूटर की एजेंसी दिलाने के नाम पर छह लाख ठगे

Feb 12, 2026 05:55 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
share

बल्लभगढ़ में साइबर ठगों ने एक युवक से एथर इलेक्ट्रिक स्कूटर की एजेंसी दिलाने के नाम पर 6 लाख 52 हजार रुपये ठग लिए। अलग-अलग किस्तों में पैसे मांगने के बाद, युवक को धोखाधड़ी का एहसास हुआ। वहीं, फरीदाबाद में एक व्यक्ति से टाटा नेक्सोन कार के नाम पर 1 लाख 10 हजार रुपये ठगे गए।

स्कूटर की एजेंसी दिलाने के नाम पर छह लाख ठगे

बल्लभगढ़, संवाददाता। एथर इलेक्ट्रिक स्कूटर की एजेंसी दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने एक युवक से छह लाख 52 हजार रुपये की ठगी कर ली। प्रोसेस फीस और एनओसी के नाम पर अलग-अलग किस्तों में रकम ट्रांसफर कराने के बाद आरोपियों ने लाइसेंस अप्रूवल के लिए और पैसे मांग लिए, तब पीड़ित को धोखाधड़ी का एहसास हुआ। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में विजय कुमार निवासी जीवन नगर-2, गौछी, बल्लभगढ़ ने बताया कि 5 जनवरी को उन्होंने गूगल पर एथर इलेक्ट्रिक स्कूटर की डीलरशिप सर्च की। सर्च के दौरान वह एक वेबसाइट पर पहुंचे, जहां उन्होंने डीलरशिप के लिए ऑनलाइन आवेदन कर अपनी निजी जानकारी भर दी।

पीड़ित के अनुसार 21 जनवरी को उन्हें एक मोबाइल नंबर से कॉल आई और बताया गया कि गुरुग्राम में एथर डीलरशिप दी जाएगी। इसके बाद उनकी ईमेल आईडी पर एप्लीकेशन डीलरशिप का फार्म भेजा गया, जिसे भरकर वापस भेज दिया गया। 27 जनवरी को दोबारा फोन कर प्रोसेस फीस के नाम पर 1 लाख 77 हजार रुपये मांगे गए, जो 28 जनवरी को उनके बैंक खाते से आरोपियों द्वारा दिए गए खाते में एनइएफटी के माध्यम से ट्रांसफर कर दिए गए। इसके बाद 29 जनवरी को फिर कॉल कर एनओसी के नाम पर पौने पांच लाख रुपये मांगे गए, जो 30 जनवरी को आरटीजीएस के जरिए जमा कराए गए। 31 जनवरी को आरोपियों ने लाइसेंस अप्रूवल के नाम पर साढ़े दस लाख रुपये और मांगे। इस पर पीड़ित को शक हुआ कि उनके साथ साइबर ठगी हो रही है। उन्होंने तुरंत साइबर क्राइम पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। कुल मिलाकर उनसे 6 लाख 52 हजार रुपये की ठगी हो चुकी थी। साइबर पुलिस के अनुसार शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। संबंधित बैंक खातों, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी की तकनीकी जांच कर रकम को ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। इनामी कूपन दिखाकर एक लाख ऐंठे फरीदाबाद, संवाददाता। टाटा नेक्सोन कार के इनाम का झांसा देकर साइबर ठगों ने एक व्यक्ति से 1 लाख 10 हजार रुपये की ठगी कर ली। अलग-अलग चार्ज के नाम पर रकम वसूलने के बाद आरोपियों ने न तो गाड़ी दी और न ही रुपये लौटाए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर अपराध थाना सेंट्रल फरीदाबाद में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस को दी शिकायत में कंवर सिंह निवासी हाउसिंग बोर्ड सरस्वती पार्क सेक्टर-29, फरीदाबाद ने बताया कि 6 फरवरी 2026 को उनके मोबाइल पर किसी अन्य मोबाइल से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को डॉ. संजीव बताते हुए कहा कि उन्होंने जो शुगर की दवा मंगाई थी, उसी कंपनी की ओर से निकाले गए ईनामी ड्रॉ में उनके नाम टाटा नेक्सोन कार निकली है। आरोपी ने कहा कि यदि गाड़ी चाहिए तो 45 सौ रुपये रजिस्ट्रेशन फीस जमा करनी होगी। इसके बाद एक व्हाट्सएप नंबर से कूपन नंबर 2290 भेजा गया। पीड़ित ने 45 सौ रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपियों ने आधार कार्ड, फोटो और चेक की कॉपी मांगी, जो पीड़ित ने व्हाट्सएप पर भेज दी। ठगों ने फिर गाड़ी के इंश्योरेंस के नाम पर 25 हजार रुपये मांगे, जो फोन-पे के जरिए जमा कराए गए। इसके बाद अलग-अलग ट्रांजेक्शन में विभिन्न चार्ज बताकर कुल 80 हजार पांचा सौ रुपये और डलवा लिए। इस तरह एसबीआई बैंक और इंडियन बैंक खाते से पेटीएम के माध्यम से कुल एक लाख 10 हजार रुपये आरोपियों द्वारा दिए गए स्कैनर पर ट्रांसफर कराए गए। जब ठगों ने और पैसे की मांग की तो पीड़ित को शक हुआ। इस पर उन्होंने 8 फरवरी 2026 को ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई और बाद में थाना पहुंचकर विस्तृत लिखित शिकायत दी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।