निवेश का झांसा देकर बुजुर्ग से 54 लाख रुपये ऐंठे
साइबर ठगों ने एक बुजुर्ग से शेयर बाजार में निवेश का झांसा देकर 54 लाख रुपये से अधिक की ठगी की। आरोपियों ने व्हाट्सऐप के माध्यम से संपर्क किया और भरोसा जीतकर पैसे ऐंठे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ठगों की पहचान मनीष, अमन, निखिल और प्रवीन के रूप में हुई है।

बल्लभगढ़,अशोक जैन। साइबर ठगों ने शेयर बाजार में निवेश का झांसा देकर एक बुजुर्ग से करीब 54 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली। आरोपियों ने व्हाट्सऐप के माध्यम से पहले बुजुर्ग का भरोसा जीता। इसके बाद अलग-अलग नामों और बैंक खातों के जरिए रकम ऐंठते रहे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक अहीरवाड़ा, बल्लभगढ़ निवासी 71 वर्षीय बुजुर्ग के मोबाइल पर जून 2024 में अलग-अलग नंबरों से व्हाट्सऐप संदेश आए, जिनमें निवेश करने पर अच्छा मुनाफा देने का लालच दिया गया। शुरुआत में उन्होंने इन संदेशों को नजरअंदाज किया, लेकिन बाद में फरवरी 2025 में दोबारा संपर्क कर आरोपियों ने खुद को शेयर बाजार से जुड़ी कंपनी का प्रतिनिधि बताया और भरोसा दिलाया कि उनका पैसा सुरक्षित रहेगा तथा अच्छा लाभ मिलेगा। आरोपियों ने यह भी कहा कि यदि उनके पास बैंक खाता नहीं है तो कंपनी उनकी ओर से निवेश कर देगी और होने वाले लाभ में से 80 प्रतिशत उन्हें दिया जाएगा। इस झांसे में आकर पीड़ित ने फरवरी 2025 से लेकर आगे कई महीनों तक अलग-अलग बैंक खातों में किश्तों में रकम जमा करानी शुरू कर दी।
साइबर ठगों की चालाकी
पीड़ित ने अलग-अलग तिथियों में लाखों रुपये विभिन्न खातों में स्थानांतरित किए। हर बार उन्हें ज्यादा मुनाफे का लालच दिया जाता रहा और नए-नए बहाने बनाकर और पैसे मांगे जाते रहे। जब भी पीड़ित ने अपने पैसे वापस लेने की बात कही, तो आरोपियों ने टालमटोल की और अंत में संपर्क ही बंद कर दिया।
पैसे वापसी का झूठा भरोसा
इसके बाद एक अन्य व्यक्ति ने खुद को पहले आरोपी का अधिकारी बताकर संपर्क किया और पैसे वापस दिलाने का भरोसा दिया। इस बहाने भी पीड़ित से अतिरिक्त रकम ठग ली गई। इसके बाद भी अलग-अलग नामों से कई लोगों ने संपर्क कर दोबारा निवेश के लिए उकसाया, लेकिन तब तक पीड़ित को धोखाधड़ी का अहसास हो चुका था। पूरे घटनाक्रम में पीड़ित से कुल लगभग 54 लाख 44 हजार 187 रुपये की ठगी की गई। आरोपियों की पहचान मनीष, अमन, निखिल और प्रवीन के रूप में हुई है, जिन्होंने मिलकर इस ठगी को अंजाम दिया।
पुलिस की कार्रवाई
पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर पोर्टल-1930 पर दर्ज कराई । पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
लोगों के लिए चेतावनी
पुलिस प्रवक्ता यशपाल यादव ने कहा कि साइबर ठग लगातार नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति या संस्था के झांसे में आकर निवेश न करें। विशेष रूप से व्हाट्सऐप या सोशल मीडिया के माध्यम से मिलने वाले निवेश प्रस्तावों से सावधान रहें। किसी भी प्रकार की ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं या नजदीकी पुलिस से संपर्क करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


