
मुठभेड़ में गोली लगने के बाद बदमाश गिरफ्तार
पलवल में क्राइम ब्रांच होडल की टीम ने मुठभेड़ में हत्या के आरोपी रविंद्र उर्फ भोला को पकड़ा। पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन उसने फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में उसे पैर में गोली लगी। उसे अस्पताल...
पलवल, संवाददाता। क्राइम ब्रांच होडल की टीम ने मुठभेड़ में हत्या के आरोपी को पकड़ा है। फायरिंग के बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश रविंद्र उर्फ भोला के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। मामले में क्राइम ब्रांच होडल के निरीक्षक जगमिंदर को शुक्रवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली थी कि अलावलपुर गांव में गोली चलाने वाला रविंद्र उर्फ भोला बाबरी मोड़ फ्लाईओवर के पास नई अनाज मंडी के गेट पर देखा गया है। आरोपी अपने पास अवैध हथियार रखता है। सूचना मिलते ही निरीक्षक जगमिंदर ने अपनी टीम के साथ कार्रवाई शुरू की।
पुलिस टीम ने सरकारी गाड़ी से अपराधी की तलाश शुरू की। जब पुलिस टीम अनाज मंडी के गेट के पास पहुंची तो उन्हें मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए का एक युवक दिखाई दिया। पुलिस की गाड़ी देखते ही युवक भागने लगा और उसने अपनी जेब से कट्टा निकाल लिया। पुलिस ने उसे रुकने के लिए कहा, लेकिन युवक ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से सीधा फायर कर दिया। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह खुद को बचाया। इसके बाद, निरीक्षक जगमिंदर ने आत्मरक्षा में हवाई फायर किया। लेकिन युवक ने दोबारा फायर किया, जिसके बाद निरीक्षक ने मजबूरन अपनी पिस्टल से दो फायर किए। एक गोली युवक के बाएं पैर में घुटने के नीचे लगी, जिससे वह गिर गया। पुलिस ने तुरंत युवक को काबू कर लिया और उससे पूछताछ की। युवक ने अपना नाम कौंडल का रहने वाला रविंद्र उर्फ भोला बताया। उसके पास से कट्टा 315 बोर और एक खाली कारतूस का खोल बरामद हुआ है। घायल रविंद्र उर्फ भोला को तत्काल इलाज के लिए सरकारी अस्पताल, होडल भेजा गया है। पुलिस ने रविंद्र उर्फ भोला के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस पर हमला करने और अवैध हथियार रखने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




