मेडिकल स्टोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज, 85 दुकानों की जांच
नूंह में अवैध नशे के कारोबार पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए 85 मेडिकल स्टोर्स की जांच की। एक मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया और एमटीपी किट मिलने पर संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। उपायुक्त ने अवैध दवा कारोबार को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया।

नूंह, सरसमल। नूंह में नशे के अवैध कारोबार पर कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने जिलेभर में 85 मेडिकल स्टोर्स की जांच की। जांच के दौरान रिकॉर्ड में गड़बड़ी मिलने पर एक मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया। वहीं एमटीपी किट मिलने के मामले में मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। नूंह जिले में मेडिकल स्टोर्स पर प्रशासन की सख्ती लगातार बढ़ रही है। उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि जिले में अवैध दवा कारोबार और नशे की सप्लाई पर रोक लगाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए जागरूकता अभियान के साथ सख्त कार्रवाई भी लगातार की जा रही है।
उन्होंने लोगों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना प्रशासन को देने की अपील की। उपायुक्त के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम लगातार मेडिकल दुकानों की जांच कर रही है। जिले में करीब 700 मेडिकल स्टोर संचालित हैं, जिनमें से अब तक 85 दुकानों की जांच पूरी की जा चुकी है। जांच के दौरान एक मेडिकल स्टोर पर दवाइयों के रिकॉर्ड में अनियमितता पाई गई, जिसके बाद दुकान को सील कर दिया गया। वहीं एक अन्य मेडिकल स्टोर पर एमटीपी किट मिलने के मामले में संबंधित संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। इस दौरान एसीयूटी अमितेज पांगती, एसडीएम कुंवर आदित्य विक्रम, आरटीए सचिव मुनीष सहगल और डीएसपी पृथ्वी सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


