फर्जी डॉक्टर पकड़े
पलवल के छांयसा गांव में हेपेटाइटिस के बढ़ते मामलों के कारण स्वास्थ्य विभाग ने अवैध क्लीनिकों और झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। छापेमारी में दो फर्जी डॉक्टरों को रंगे हाथ पकड़ा गया है, जिन्होंने बिना वैध डिग्री के मरीजों का इलाज किया। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान जारी रखने का आश्वासन दिया है।

पलवल,संवाददाता। जिले के छांयसा गांव में हेपेटाइटिस के बढ़ते प्रकोप के बाद जिला स्वास्थ्य विभाग ने अवैध क्लीनिकों और झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। सिविल सर्जन के आदेश पर गठित टीमों ने रूपड़ाका और पिंगौड़ गांवों में छापेमारी कर दो फर्जी डॉक्टरों को रंगे हाथों पकड़ा है। ये दोनों आरोपी बिना किसी वैध डिग्री के मरीजों का इलाज कर रहे थे। हथीन उपमंडल के छांयसा गांव में हेपेटाइटिस के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने एक विशेष टीम गठित की थी। ड्यूटी मजिस्ट्रेट डॉ. संजय कुमार और डॉ. देवेंद्र की देखरेख में टीम ने रूपड़ाका गांव में छापा मारा।
यहां एजाज खान नामक व्यक्ति अपना क्लीनिक चलाता मिला।टीम को मौके से स्टेथोस्कोप, नेबुलाइजर, कैंची और 23 प्रकार की एलोपैथिक दवाइयां व इंजेक्शन मिले। जांच में पाया गया कि एजाज खान के पास कोई वैध मेडिकल डिग्री या डिप्लोमा नहीं था, फिर भी वह खुद को डॉक्टर बताकर मरीजों का इलाज कर रहा था।दूसरी कार्रवाई सदर थाना क्षेत्र के पिंगौड़ गांव में की गई। जिला सिविल सर्जन कार्यालय में मिली शिकायत के आधार पर डॉ. सफीक अहमद और ड्रग कंट्रोलर प्रवीण राठौर की टीम ने ओम क्लीनिक पर छापा मारा। क्लीनिक संचालक रूपचंद ने टीम के सामने स्वीकार किया कि वह केवल 12वीं पास है और पिछले पांच साल से एलोपैथिक इलाज कर रहा था। पुलिस ने मौके से 25 प्रकार की दवाइयां, बीपी मशीन, पल्स ऑक्सीमीटर और 791 पन्नों का ओपीडी रजिस्टर जब्त किया है।दोनों फर्जी डॉक्टरों को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध क्लीनिकों और झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


