Faridabad News: ग्रेटर फरीदाबाद में विज्ञान भवन का निर्माण 61 प्रतिशत पूरा
Faridabad News: ग्रेटर फरीदाबाद में विज्ञान भवन का निर्माण तेजी से जारी है। एचएसवीपी ने 2027 तक काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है। यह भवन शहर के इतिहास को दर्शाने वाले थ्री-डी म्यूजियम और ऑडिटोरियम के साथ सुसज्जित होगा। ई-वाहनों के लिए चार्जिंग सेंटर भी बनेगा।

Faridabad News: फरीदाबाद, धनंजय चौहान। ग्रेटर फरीदाबाद में निर्माणाधीन विज्ञान भवन का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। दस मंजिला भवन का करीब 61 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। एचएसवीपी ने मई 2027 तक काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यह भवन शहर से जुड़ी गतिविधियों और कार्यक्रमों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बन सकेगा। इस परियोजना पर करीब 427 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की ओर से ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-78 में आठ एकड़ जमीन पर विज्ञान भवन का निर्माण किया जा रहा है। इसकी घोषणा वर्ष 2019 में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने की थी, लेकिन विभिन्न अड़चनों के कारण समय पर काम शुरू नहीं हो सका था। मई 2024 में प्राधिकरण की ओर से टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य को गति दी गई। दस मंजिला एक भवन का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि दूसरे भवन का कार्य तेजी से जारी है। प्राधिकरण के अधिकारियों का दावा है कि मई 2027 तक काम पूरा कर लिया जाएगा। यह विज्ञान भवन कई प्रकार की विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित होगा।
थ्री-डी तकनीक से लैस होगा म्यूजियम
विज्ञान भवन में बनने वाला म्यूजियम वर्चुअल और थ्री-डी तकनीक से लैस होगा। इसमें तस्वीरों और फिल्मों के माध्यम से शहर के इतिहास को दिखाया जाएगा कि 50 वर्ष पहले शहर की स्थिति क्या थी। शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों, बड़खल झील के इतिहास, राजा नाहर सिंह महल, रानी की छतरी और पुराने फरीदाबाद की स्थिति को दर्शाया जाएगा, जिससे युवा पीढ़ी शहर के इतिहास को करीब से जान सकेगी।
ढाई हजार लोगों की क्षमता का बनाया जा रहा ऑडिटोरियम
विज्ञान भवन में एक बहुउद्देशीय हॉल बनाया जा रहा है। इसके अलावा प्रदर्शनी हॉल के साथ 2500, 1000 और 600 लोगों की क्षमता वाले तीन ऑडिटोरियम बनाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त यहां कार्यालय, रेस्तरां, कैफे और कैंटीन भी बनाए जाएंगे। बेसमेंट में पार्किंग की व्यवस्था होगी, जिसमें दो हजार से अधिक गाड़ियां एक साथ खड़ी हो सकेंगी। शॉपिंग के साथ मनोरंजन के साधन भी विकसित किए जाएंगे।
ई-वाहनों के लिए होगी चार्जिंग की सुविधा
जिले में बढ़ते प्रदूषण पर लगाम लगाने और लोगों को इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विज्ञान भवन में इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग सेंटर भी बनाया जाएगा। भवन परिसर में चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध होने से यहां आने वाले लोग अपने इलेक्ट्रिक वाहनों को आसानी से चार्ज कर सकेंगे। इससे शहर में ई-वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों का मानना है कि सार्वजनिक स्थानों पर चार्जिंग की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध होने से लोगों में इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने को लेकर भरोसा बढ़ेगा। साथ ही, पेट्रोल-डीजल वाहनों पर निर्भरता कम होने से प्रदूषण के स्तर को नियंत्रित करने में भी मदद मिल सकती है।
----------
“विज्ञान भवन के निर्माण को लेकर चल रहे कार्यों के बीच परियोजना को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है। दस मंजिला भवन के निर्माण का काम अलग-अलग चरणों में आगे बढ़ रहा है। परियोजना का 61 प्रतिशत काम पूरा होने के साथ ही शेष निर्माण कार्य को भी तेजी से पूरा करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। मई 2027 तक भवन तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।”
— संदीप दहिया, अधीक्षण अभियंता, एचएसवीपी

