सीकरी फ्लाईओवर के रैंप को सीमेंटेड बनाने का काम शुरू
फरीदाबाद में दिल्ली-आगरा हाईवे पर सीकरी फ्लाईओवर के रैंप को सीमेंटेड बनाने का काम शुरू हो गया है। यह कार्य लगभग 10 दिन में पूरा होगा। इस कदम से फ्लाईओवर पर होने वाले हादसों में कमी आने की उम्मीद है, क्योंकि पहले के इंटरलॉकिंग टाइल्स के कारण कई दुर्घटनाएं हुई थीं।

फरीदाबाद, केशव भारद्वाज। दिल्ली-आगरा हाईवे के सीकरी फ्लाईओवर के रैंप को सीमेंटेड बनाने का काम शुरू हो गया है। करीब 10 दिन के अंदर रैंप बनाने का काम पूरा हो जाएगा। उम्मीद है कि इससे सीकरी फ्लाईओवर पर हो रहे हादसों में कमी आएगी। आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान’ ने आठ अप्रैल को सीकरी फ्लाईओवर के रैंप पर इंटरलॉकिंग टाइल्स की वजह से हो रहे हादसों को लेकर ‘फ्लाईओवर के खराब रैंप से हादसे का खतरा’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इस खबर में ‘हिन्दुस्तान’ ने सीकरी फ्लाईओवर पर हादसों का मुद्दा उठाया था। इस खबर में बताया था कि पिछले वर्ष बारिश के दौरान भारी जलभराव के चलते फ्लाईओवर का रैंप क्षतिग्रस्त हो गया था।
उस समय स्थायी समाधान करने के बजाय अस्थायी तौर पर इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछा दी गई थीं। अब ये टाइल्स जगह-जगह टूट चुकी हैं और सड़क और अधिक खतरनाक हो गई है। दिल्ली की ओर से पलवल जाने वाले वाहन जैसे ही रैंप पर चढ़ते हैं, उन्हें अचानक गति धीमी करनी पड़ती है। कई बाहरी राज्यों के चालक इस खराब रैंप से अंजान रहते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। कुछ दिन पहले यहां करीब 12 वाहन आपस में भिड़ गए थे। इस पर संज्ञान लेते हुए एनएचएआई प्रबंधन ने यहां फ्लाईओवर के रैंप और सर्विस रोड को सीमेंटेड बनाने की कार्ययोजना तैयार की। इसके बाद अब काम शुरू हो गया है। एनएचएआई के परियोजना निदेशक धीरज सिंह ने बताया कि कामशुरू हो चुका है। इस माह के अंदर काम पूरा हो जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


