मांगें नहीं मानी तो आंदोलन करेगी कांग्रेस : राव नरेंद्र सिंह

Apr 07, 2026 10:06 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
share

कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने नूंह और तावडू मंडियों का निरीक्षण किया, किसानों की समस्याएं सुनीं और सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मांगें नहीं मानी गईं तो कांग्रेस आंदोलन करेगी। किसानों ने खरीद प्रक्रिया में समस्याओं और भुगतान में देरी की शिकायत की।

मांगें नहीं मानी तो आंदोलन करेगी कांग्रेस : राव नरेंद्र सिंह

नूंह, सरसमल। कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने मंगलवार को नूंह और तावडू मंडियों का निरीक्षण किया। किसानों की समस्याएं सुनी और सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो कांग्रेस आंदोलन करेगी। हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने किसानों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं को समझा। उनके साथ नूंह विधायक चौधरी आफताब अहमद और जिला कांग्रेस अध्यक्ष हाजी शहीदा खान भी मौजूद रहे। नेताओं ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से फोन पर बात कर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। दौरे के दौरान किसानों ने खरीद प्रक्रिया में आ रही दिक्कतों को लेकर अपनी नाराजगी जताई।

उन्होंने बताया कि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद में देरी हो रही है और कई बार फसल की पूरी खरीद नहीं हो रही। इसके अलावा उठान में देरी के कारण भुगतान भी अटक रहा है। किसानों ने यह भी कहा कि बायोमेट्रिक सत्यापन, गेट पास और ट्रैक्टर-ट्रॉली जांच जैसी प्रक्रियाएं जटिल हैं, जिससे उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात इसके विपरीत हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अनावश्यक शर्तें लगाकर किसानों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मौसम की मार झेल रहे किसानों को और परेशान करना उचित नहीं है। उन्होंने बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से हुए नुकसान का मुद्दा भी उठाया। कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार से मांग की कि प्रभावित किसानों को तुरंत मुआवजा दिया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया जाना चाहिए। नूंह विधायक चौधरी आफताब अहमद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ खड़ी है और उनके हितों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि मौजूदा नीतियों के कारण किसानों पर दबाव बढ़ रहा है और उनकी फसल की सही कीमत नहीं मिल पा रही। जिला कांग्रेस अध्यक्ष हाजी शहीदा खान ने भी सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।