काम की बजाय अधिकारी को कोस रही भाजपा सरकार : विजय प्रताप
फरीदाबाद में कांग्रेस नेता विजय प्रताप सिंह ने भाजपा नेताओं द्वारा अधिकारियों को फटकार लगाने पर सवाल उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में भ्रष्टाचार बढ़ा है और उच्चस्तरीय जांच की मांग की। विजय प्रताप ने कहा कि विकास के नाम पर खर्च दिखाया गया, लेकिन असल में कोई कार्य नहीं हुआ।

फरीदाबाद, सरसमल। कांग्रेस नेता विजय प्रताप सिंह ने दिशा समिति की बैठक में भाजपा नेताओं द्वारा अधिकारियों को फटकार लगाने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार चलाने की जिम्मेदारी जिन लोगों पर है, वही अब अधिकारियों को कोस रहे हैं। विजय प्रताप ने भाजपा शासन में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार होने का आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की। बुधवार को अपने निवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में विजय प्रताप सिंह ने कहा कि दिशा की बैठक में जिस भाषा का प्रयोग किया गया, वह निंदनीय है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन किसी के परिवार और बच्चों को लेकर टिप्पणी करना गलत है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार रोकने में पूरी तरह विफल रही है। विजय प्रताप ने कहा कि केंद्र, राज्य और नगर निगम में भाजपा की सरकार होने के बावजूद अब अधिकारी ही भ्रष्टाचार के लिए जिम्मेदार बताए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर के विकास के नाम पर हजारों करोड़ रुपये खर्च दिखाए गए, लेकिन जमीन पर काम नजर नहीं आ रहा। उन्होंने नगर निगम कार्यालय में आग लगने के मामले का भी जिक्र करते हुए कहा कि कई दस्तावेज नष्ट कर दिए गए। उन्होंने बड़खल गांव, अनखीर, भांकरी और नवादा में विकास कार्य अधूरे रहने का मुद्दा भी उठाया। विजय प्रताप ने कहा कि कांग्रेस जनता के पैसे की लूट नहीं होने देगी और घोटालों की जांच के लिए अपनी टीम बनाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


