कहासुनी में दो पक्ष भिड़े, तीन घायल
फरीदाबाद के गौंछी गांव में गाड़ी का सायरन बजाने को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। एक पक्ष ने गोली चलाने का आरोप लगाया। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

फरीदाबाद। गौंछी गांव में गाड़ी का सायरन बजाने को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। झगड़े में दोनों पक्षों से तीन लोग घायल हो गए। एक पक्ष ने गोली चलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, फतेहपुर चंदीला गांव निवासी सुमित प्रकाश 23 जनवरी की रात को अपने कार्यालय पर था। इसी दौरान वहां पर वहां यश डागर, मोनू डागर, कृष्ण डागर, निहाल डागर, इंद्र सेहतरावत, राहुल खान, रवि, सचिन, ओमवीर, नंदू आदि 50-60 लोग कुल्हाड़ी, रॉड और डंडे लेकर पहुंच गए। प्लांट पर पहुंचकर उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया।
इस दौरान पीड़ित के मुंह पर डंडा मारा। आरोप है कि इस दौरान हमलावरों ने उसके साथी राजेश चंदीला पर भी हमला कर दिया और गोली भी चलाई। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने घायल सुमित की शिकायत पर उपरोक्त लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उधर, गौंछी गांव निवासी हरविंद्र डागर ने पुलिस को अपनी शिकायत में बताया कि सुमित चंदीला, राजेश चंदीला, शूका, गगन, रन्नी, सुरेंद्र चंदीला, बंटी लोहिया, विवेक शर्मा, गणेशी, हरीश और अन्य 10 युवकों ने उनके मौहल्ले में आकर उन पर हमला कर दिया। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी चल रही है। सायरन बजाने का किया था विरोध पीड़ित ने पुलिस शिकायत में बताया कि आरोपी सुमित चंदीला उनके मौहल्ले में अपनी गाड़ी में सायरन बजाते हुए आता है। जब सायरन बजाने का विरोध करते हैं तो वह लोगों के साथ अभद्र व्यवहार करता है। जब 23 जनवरी को हमने इस हरकत का विरोध जताया तो आरोपी दो गाड़ियों में सवार होकर अपने साथियों के साथ उनके मौहल्ले में आया और हमला कर दिया। इस दौरान उनके साथ मौजूद लोगों से जाति सूचक शब्द बोलकर गाली-गलौज की। इस झगड़े में शिकायतकर्ता घायल हो गया। घायलों को अस्पताल ले जाया गया। शनिवार को पुलिस ने दोनों पक्षों से शिकायत मिलने पर मामले दर्ज करलिए हैं। संजय कॉलोनी पुलिस चौकी प्रभारी कैलाश चंद ने बताया कि गोली चलने और जातिसूचक शब्द बोलने का कोई सबूत नहीं मिला है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




