
जिले के 40 फीसदी सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर लैब खराब
फरीदाबाद के सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर शिक्षा की गंभीर कमी है। करीब 40 प्रतिशत स्कूलों की कंप्यूटर लैब खराब पड़ी हैं। 2011 में स्थापित लैब्स अब बंद हैं, जिससे छात्र निजी संस्थानों पर निर्भर हैं। शिक्षा अधिकारियों का दावा है कि सरकार लैब्स को फिर से शुरू करने की योजना बना रही है।
विश्व कंप्यूटर साक्षरता दिवस : फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के जमाने में स्मार्ट सिटी के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र कंप्यूटर शिक्षा से भी वंचित हैं। जिले के करीब 40 प्रतिशत स्कूलों की कंप्यूटर लैब खराब पड़ी है। जिले के 70 सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर लैब हैं, इनमें से 30 विद्यालयों में कंप्यूटर लैब खराब पड़े हैं। कंप्यूटर शिक्षा आधुनिक ज्ञान की बहुत बड़ी आवश्यकता होती है। इसके बिना छात्र असफल माना जाता है और काफी संघर्ष करना पड़ता है। छात्रों को कंप्यूटर शिक्षा से रूबरू कराने के लिए। वर्ष 2011 में कंप्यूटर लैब शुरू की गई थी। इसके तहत जिले के 70 विद्यालयों में कंप्यूटर लैब बनाई गई थी और हारट्रॉन नामक कंपनी को ठेका दिया गया था।

ठेका समाप्त होने के साथ ही कंपनी अपने सीपीयू साथ ले गई।केवल मॉनिटर छोड़ चली गई। इसके बाद सरकार ने किसी अन्य व्यक्ति को ठेका नहीं दिया। कंप्यूटर लैब करीब आठ वर्षों से बंद पड़ी है। सरकारी स्कूलों के छात्रों इस आधुनिक शिक्षा से रूबरू होने के लिए निजी कंप्यूटर प्रशिक्षण संस्थानों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। ----- नौवीं से 12वीं कक्षा के लिए है यह योजना प्रदेश सरकार ने नौवीं से 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र एवं छात्राओं को कंप्यूटर ज्ञान से रूबरू कराने के उद्देश्य से शुरुआत की थी। बता दें कि बल्लभगढ़ में 39 सीनियर सेकेंडरी, जबकि 11हाई स्कूल है। इनमें से 46 स्कूलों में कंप्यूटर लैब हैं, जबकि चार विद्यालयों में कंप्यूटर लैब नहीं है। इन चार विद्यालयों के छात्र कंप्यूटर के बारे में पूरी तरह से अनभिज्ञ है। वहीं शिक्षा विभाग के अधिकारियों का दावा है कि 46 में से 35 स्कूलों में कंप्यूटर लैब चालू हालत हैं, जबकि 11 विद्यालयों में कंप्यूटर लैब पूरी तरह खराब है। ------ जिले के सबसे बड़ी सरकारी स्कूल में नहीं है कंप्यूटर लैब सराय ख्वाजा स्थित सरकारी स्कूल के छात्र कई वर्षों से कंप्यूटर शिक्षा से वंचित है। यह जिले का सबसे बड़ा विद्यालय है। इस विद्यालय में 4900 छात्र एवं छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। यहां पर कंप्यूटर लैब नहीं है।यहां के विद्यार्थियों को केवल परंपरागत किताबी ज्ञान ही दिया जा रहा है।फरीदाबाद खंड में 49 वरिष्ठ माध्यमिक एवं हाई स्कूल हैं। इसमें से 35 में कंप्यूटर लैब है और करीब 20 स्कूलों की लैब खराब हालत में हैं। ------ नहीं दी जा रही शिक्षा स्मार्ट सिटी में जिन सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर लैब चालू हालत में हैं। वहां के छात्र भी कंप्यूटर शिक्षा से वंचित हैं। शिक्षा अधिकारियों का दावा है कि नियमित कक्षाएं दी जाती हैं, लेकिन वास्तविकता दावों से विपरीत है। ----- जिन स्कूलों में कंप्यूटर लैब चालू हालत में हैं। वहां नियमित रूप से कक्षाएं लगाने के प्रयास किए जाते हैं। सरकार अब प्रयोगशालाओं को अपग्रेड करने की दिशा में कार्य कर रही है। जल्द ही कंप्यूटर लैब दोबारा से शुरू की जाएंगी -महेंद्र सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी, बल्लभगढ़ ----- वर्ष 2011 में कंप्यूटर लैब स्थापित हुई थी। चार-पांच का ठेका था। उनका ठेका समाप्त होने के बाद किसी अन्य को नहीं दिया गया। सरकार कंप्यूटर लैब को दोबारा से शुरू करने की दिशा में कार्य कर रही है -धीरज कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी, फरीदाबाद

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




