
आरोपी को पकड़ने गई पुलिस पर हमला
पलवल के गुदराना गांव में हत्या के प्रयास में शामिल आरोपी को गिरफ्तार करने गई सीआईए पुलिस पर आरोपियों ने हमला कर दिया। हमले में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए, जबकि सरकारी गाड़ी के शीशे टूट गए। पुलिस ने दो भाइयों को गिरफ्तार किया, लेकिन मुख्य आरोपी भोला फरार है।
पलवल, संवाददाता। मुंडकटी थाना अंतर्गत गुदराना गांव में हत्या के प्रयास में शामिल आरोपी को पकड़ने गई सीआईए पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। इस हमले में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए, जबकि सरकारी गाड़ी के शीशे टूट गए। मुंडकटी थाना पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। मुख्य आरोपी भोला अभी भी फरार है। मुंडकटी थाना प्रभारी तेजपाल के अनुसार, सीआईए में तैनात एएसआई राकेश कुमार ने शिकायत में बताया कि मार्च 2024 में दर्ज हत्या के प्रयास के एक मामले में गुदराना गांव निवासी भोला फरार चल रहा था। सीआईए होडल को गुप्त सूचना मिली थी कि भोला अपने घर आया हुआ है।
सूचना के आधार पर सीआईए टीम गुदराना गांव पहुंची। पुलिस जब भोला के घर पहुंची, तो वहां उसके भाई विमल, हर किशन और कुछ महिलाएं मौजूद थीं। पुलिस पार्टी को देखते ही आरोपियों ने हाथों में लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर लेकर पुलिस पर हमला कर दिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को धमकाते हुए कहा कि पुलिस में इतनी हिम्मत नहीं कि वे भोला को गिरफ्तार कर सके। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई, लेकिन हमलावरों ने सरकारी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने अपने अन्य साथियों की मदद से हमला करने वाले भोला के दोनों भाइयों विमल और हर किशन को गिरफ्तार कर लिया। घटना की सूचना मिलने पर मुंडकटी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मुख्य आरोपी की तलाश जारी है

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




