मुख्यमंत्री ने दिशा कार्यों की समीक्षा की
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिला उपायुक्तों के साथ दिशा समिति की समीक्षा की। उपायुक्त हरीश कुमार वशिष्ठ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण हों। उन्होंने पारदर्शिता और गुणवत्ता को प्राथमिकता देने का आदेश दिया।

पलवल, वरिष्ठ संवाददाता। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को चंडीगढ़ से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिला उपायुक्तों के साथ जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) के कार्यों की समीक्षा की। जिला पलवल से उपायुक्त हरीश कुमार वशिष्ठ अन्य अधिकारियों के साथ वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए। वीडियो कांफ्रेंस के बाद उपायुक्त ने जिला अधिकारियों की बैठक लेकर दिशा से संबंधित कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिला पलवल में दिशा की बैठक केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर की अध्यक्षता में आयोजित होती है और इसमें केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाती है।
उपायुक्त ने कहा कि कोई भी अधिकारी विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें और सभी कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ करवाए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं की गुणवत्ता, समयसीमा और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सुशासन और जवाबदेही के सिद्धांतों पर पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा आमजन को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सभी विभागों की जिम्मेदारी है। बैठक में सीटीएम प्रीति रावत, सीईओ जिला परिषद जितेंद्र कुमार, डीआरओ बलराज सिंह दांगी, डीडीपीओ उपमा अरोड़ा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


