देश की 25 करोड़ जनता गरीबी रेखा से बाहर: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं। उन्होंने बताया कि सरकार की योजनाओं जैसे उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना ने लोगों का जीवन बदला है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता विकास के साथ है।

फरीदाबाद, मुख्य संवाददाता। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की 25 करोड़ जनता गरीबी रेखा से बाहर निकली है। उन्होंने बताया कि सरकार की योजनाओं से लोगों में भरोसा बढ़ा है। गुरुवार को सूरजकुंड मेले के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने यह दावा किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से गरीब, किसान, महिला और युवा वर्ग को सीधा लाभ मिला है। उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं ने आम लोगों का जीवन बदला है। सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि आज भारत की पहचान विश्व स्तर पर मजबूत हुई है। विदेशी निवेश बढ़ा है और भारत तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है। देश को लेकर लोगों में आशा और विश्वास का माहौल बना है। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। जनता विकास के साथ खड़ी है और आने वाले चुनावों में भाजपा को समर्थन मिलेगा। सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह मेला कला और संस्कृति का सुंदर संगम है। अब तक लाखों लोग मेले में पहुंच चुके हैं। देश-विदेश के कारीगर यहां अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। यह मेला हरियाणा की पहचान को और मजबूत कर रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


