Faridabad News: वेंडर का चयन न करने से सौर ऊर्जा कनेक्शन में तेजी नहीं आ रही
Faridabad News: प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत फरीदाबाद में सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने की गति संतोषजनक नहीं है। अधिकांश उपभोक्ता वेंडर का चयन नहीं कर रहे हैं। 5,013 आवेदकों में से 1,245 ने अभी तक वेंडर का चयन नहीं किया। कुल 2,197 संयंत्र स्थापित हो चुके हैं, 3,768 लगने की प्रक्रिया में हैं।

Faridabad News: फरीदाबाद, केशव भारद्वाज। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिले में सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने की रफ्तार अपेक्षित गति नहीं पकड़ पा रही है। इसका सबसे बड़ा कारण आवेदन करने के बाद बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं द्वारा वेंडर का चयन नहीं करना है। दूसरा, अनुदान योजना के बावजूद लोग आवेदन करने के लिए भी आगे नहीं आ रहे हैं। विभागीय से मिली जानकारी के अनुसार, 11 जुलाई तक 5,013 उपभोक्ताओं ने योजना के तहत आवेदन किया है, लेकिन इनमें से 1245 आवेदकों ने अभी तक अधिकृत वेंडर का चयन नहीं किया है। इसके चलते उनके घरों में सोलर सिस्टम लगाने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है। जिले में अब तक 2197 उपभोक्ताओं के घरों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। वहीं, 3,768 उपभोक्ताओं के यहां पर संयंत्र लगाने की प्रक्रिया चल रही है। वेंडर का चयन करने से सौर ऊर्जा कनेक्शन लगाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सकती है। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत केंद्र सरकार घरेलू उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए आकर्षक अनुदान उपलब्ध करा रही है। तीन किलोवाट क्षमता के सोलर सिस्टम की कुल लागत लगभग 1.65 लाख रुपये आती है। इस पर सरकार की ओर से 78 हजार रुपये तक का अनुदान दिया जाता है, जिससे उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ काफी कम हो जाता है.
एक किलोवाट से चार यूनिट बिजली पैदा हो रही
एक किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने से प्रतिदिन लगभग चार यूनिट बिजली का उत्पादन होता है। यानी एक महीने में करीब 120 यूनिट बिजली तैयार होती है। इसी प्रकार तीन किलोवाट का सिस्टम प्रतिमाह लगभग 360 यूनिट बिजली पैदा कर सकता है, जिससे सामान्य घरेलू उपभोक्ताओं के बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आती है। इतनी बिजली में एक एसी महीने भर आसानी से चलाया जा सकता है। यदि किसी परिवार की मासिक बिजली खपत 600 यूनिट के आसपास है, तो उसके लिए पांच किलोवाट क्षमता का सोलर सिस्टम अधिक उपयुक्त माना जाता है। पांच किलोवाट का संयंत्र लगाने के लिए 400 से 500 वर्गफीट खुली छत की आवश्यकता होती है, जहां पर्याप्त धूप मिल सके.
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


