शहर में श्रद्धा से मनाई गई डॉ.भीमराव आंबेडकर की जयंती
बल्लभगढ़ में डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित हुआ। विधायक मूलचंद शर्मा ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि आंबेडकर ने समानता और सामाजिक न्याय के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।

बल्लभगढ़, अशोक जैन। डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर मंगलवार बल्लभगढ़ में श्रद्धा और सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर शहरवासियों ने बाबा साहेब को नमन करते हुए उनके आदर्शों को याद किया। विधायक मूलचंद शर्मा आंबेडकर चौक पहुंचे और बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों के महान प्रवर्तक थे। उनके द्वारा बनाए गए संविधान के सिद्धांतों पर चलकर ही देश निरंतर प्रगति कर रहा है। विधायक ने कहा कि डॉ. आंबेडकर ने समाज के सभी वर्गों को समान अधिकार दिलाने और मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था स्थापित करने में ऐतिहासिक योगदान दिया।
उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है और हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में भाईचारे और समानता को बढ़ावा देना चाहिए। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी बाबा साहेब को नमन करते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मार्केट कमेटी बल्लभगढ़ के चेयरमैन संजीव बैंसला, जिला परिषद चेयरमैन विजय लोहिया, आंबेडकर संस्था के पदाधिकारी भवानी प्रसाद, सुंदर आजाद, डॉ. गिर्राज, बी.के. कर्दम सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


