Faridabad News: युवती को बचाने में सिटी बस ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई, बाल-बाल बचे लोग
Faridabad News: बल्लभगढ़ में शनिवार को एक युवती को बचाने के प्रयास के दौरान एक बड़ा हादसा हुआ। सिटी बस के सीमेंट से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराने से बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक और परिचालक ने युवती को प्राथमिक उपचार दिया और उसके परिजनों को सूचना दी।

Faridabad News: बल्लभगढ़, अशेाक जैन। सेक्टर-8 में डीएनडी एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर शनिवार देर शाम एक युवती को बचाने के प्रयास में बड़ा हादसा हो गया। बल्लभगढ़ से बदरपुर बॉर्डर जा रही रूट नंबर 904 की सिटी बस अचानक ब्रेक लगाए जाने के कारण आगे चल रही सीमेंट से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि बस में सवार करीब 8 से 10 यात्रियों को कोई गंभीर चोट नहीं आई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सिटी बस के आगे सीमेंट से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली चल रही थी। ट्रैक्टर-ट्रॉली के आगे एक युवती स्कूटी पर जा रही थी। इसी दौरान अचानक स्कूटी सड़क पर फिसल गई और युवती गिर गई। युवती को सड़क पर गिरता देखकर ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने उसे बचाने के लिए अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे से आ रही सिटी बस चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और बस ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी。
बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त
टक्कर के बाद बस के अगले हिस्से में काफी नुकसान हुआ। हादसे के कारण बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं लगी। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
युवती को प्राथमिक उपचार दिया गया
बस चालक सोनू और परिचालक मनजीत ने हादसे के तुरंत बाद बस रोककर सड़क पर गिरी युवती की मदद की। दोनों ने बस में रखे प्राथमिक उपचार बॉक्स से युवती को प्राथमिक उपचार दिया और उसे सड़क किनारे बैठाया। इसके बाद युवती के परिजनों को हादसे की सूचना दी गई।
पीछे से आ रहा टेंपो ट्रैवलर भी टकराया
हादसे के दौरान सिटी बस के अचानक रुकने से पीछे चल रहा एक टेंपो ट्रैवलर भी बस से टकरा गया। हालांकि टेंपो ट्रैवलर के अगले हिस्से में मामूली नुकसान हुआ। लगातार दो वाहनों के टकराने से मौके पर कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।
समय रहते मदद से बची बड़ी अनहोनी
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने भी युवती की मदद की। बस चालक और परिचालक की ओर से तत्काल प्राथमिक उपचार दिए जाने से युवती को समय पर सहायता मिल सकी। सड़क पर अचानक स्कूटी फिसलने और उसके बाद एक के पीछे एक वाहनों के टकराने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया।


