
ट्रेन नहीं मिलने से लोगों में मायूसी
नूंह में केंद्रीय वित्त मंत्री द्वारा प्रस्तुत बजट में मेवात को रेल कनेक्टिविटी से जोड़ने की कोई घोषणा नहीं होने से क्षेत्र के लोग निराश हैं। लंबे समय से रेलवे लाइन बिछाने और ट्रेन चलाने की मांग की जा रही है, लेकिन उम्मीदें फिर से अधूरी रह गईं। इससे रोजगार और शिक्षा के अवसर प्रभावित होंगे।
नूंह, संवाददाता। सोमवार को केंद्रीय वित्त मंत्री द्वारा पेश किए गए बजट में मेवात को रेल कनेक्टिविटी से जोड़ने को लेकर कोई घोषणा नहीं होने से क्षेत्र के लोगों में निराशा है। लंबे समय से मेवात में रेलवे लाइन बिछाने और ट्रेन चलाने की मांग की जा रही है, लेकिन इस बार भी उम्मीदें पूरी नहीं हो सकीं। बजट के दिन लोग इस घोषणा का इंतजार करते रहे, मगर अंत में उन्हें मायूसी हाथ लगी। मेवात का जिला नूंह देश के सबसे पिछड़े जिलों में शामिल है। लोगों का कहना है कि अगर यहां से ट्रेन शुरू होती है तो क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और रोजगार, शिक्षा व व्यापार के नए अवसर मिलेंगे।
फिलहाल मेवात के लोगों को ट्रेन पकड़ने के लिए दिल्ली, जयपुर या भरतपुर जाना पड़ता है, जिससे समय और पैसा दोनों खर्च होता है। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी नदीम खान ने कहा कि मेवात में ट्रेन चलाने को लेकर सर्वे का काम चल रहा है और प्रक्रिया पूरी होने की दिशा में है। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता सूबेदार, साहून, सोनू आदि का कहना है कि मेवात को प्रदेश और देश से जोड़ने के लिए ट्रेन बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब तक यहां रेलवे स्टेशन और लाइन नहीं बनेगी, तब तक विकास अधूरा रहेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




