
तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार भाई-बहन की मौत
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बल्लभगढ़ के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार भाई-बहन की मौत हो गई। हादसे में बहन का तीन साल का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने डंपर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। परिजनों में शोक की लहर है।
बल्लभगढ़। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बल्लभगढ़ के पास शुक्रवार शाम को तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार भाई-बहन की मौत हो गई। हादसे में बहन का तीन साल का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी डंपर चालक को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कैल गांव से करीब एक किलोमीटर पहले शुक्रवार शाम यह हादसा हुआ। बाइक सवार भाई-बहन एक्सप्रेसवे से गुजर रहे थे, तभी पीछे से आए एक डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई और वाहन चालकों की भीड़ जमा हो गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की एंबुलेंस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे में घायल तीनों लोगों को गंभीर हालत में बीके अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद बाइक चला रहे नवीन और उसकी बहन नेहा को मृत घोषित कर दिया। तीन साल के बच्चे लव की हालत बेहद नाजुक बताई गई। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बच्चे को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर कर दिया। अस्पताल परिसर में हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों की भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। डॉक्टरों के अनुसार शरीर में गंभीर चोटें लगने के कारण भाई-बहन को बचाया नहीं जा सका। ससुराल से लौटते समय टूटा परिवार मृतकों के पिता हरीश कुमार गांव चंदावली में बिल्डिंग मटेरियल का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी नेहा की शादी गांव कालीका निवासी दीपक के साथ हुई थी। नेहा पिछले दो-तीन दिनों से मायके आई हुई थी। गुरुवार को वह किसी काम से अपने छोटे भाई 22 वर्षीय नवीन के साथ बाइक पर ससुराल गई थी। शुक्रवार शाम नवीन अपनी बहन नेहा और उसके बेटे लव को लेकर चंदावली लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। सूचना मिलते ही हरीश कुमार अपनी दुकान छोड़कर सीधे अस्पताल पहुंचे। आरोपी चालक गिरफ्तार हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक और डंपर को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। डंपर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे से गांव चंदावली और कालीका में शोक की लहर है। एक्सप्रेसवे पर इस माह आठ की मौत हो चुकी दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे खूनी बनता जा रहा है। इसका सफर असुरक्षित होने लगा है। दिसंबर में हुए चार हादसों में आठ लोगों की मौत से यह सवाल खड़ा हो गया है। उसके बाद भी जिम्मेदार विभागों की तरफ से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। नतीजतन एक के बाद एक हो रहे हादसों में लोगों की जान जाने का सिलसिला जारी है। खासतौर से समय पर एम्बुलेंस नहीं मिलने का स्थानीय लोग आरोप लगा रहे हैं। इस महीने जिला नूंह में एक हादसे में कार सवार दंपत्ति की मौत हो गई थी। इसके बाद 12 दिसंबर को एक डंपर अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गया था, जिसमें ड्राइवर और कंडक्टर की मौत हो गई थी। इसके बाद 15 दिसंबर को कोहरे में करीब 20 वाहन टकरा गए थे। जिसमें सीआईएसएफ के इंस्पेक्टर सहित दो लोगों की जान चली गई थी और करीब छह लोग घायल हुई। इसके बाद फरीदाबाद में शुक्रवार को हुए हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। सेक्टर-58 थाना प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




