
एसवीएसयू के मॉडल पर बिहार में बनेगा कौशल विश्वविद्यालय
बिहार सरकार अब श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय (एसवीएसयू) के मॉडल पर अपनी स्किल यूनिवर्सिटी स्थापित करेगी। श्रम संसाधन विभाग के सचिव दीपक आनंद के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने एसवीएसयू का दौरा किया और कौशल आधारित शिक्षा प्रणाली का अवलोकन किया। इसमें छात्रों को थ्योरी और प्रैक्टिकल का संयोजन दिया जाएगा।
फरीदाबाद/पलवल। बिहार सरकार अब श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय (एसवीएसयू) के मॉडल पर अपनी स्किल यूनिवर्सिटी स्थापित करेगी। बुधवार को बिहार सरकार के तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने श्रम संसाधन विभाग के सचिव दीपक आनंद के नेतृत्व में दुधौला स्थित एसवीएसयू परिसर का दौरा किया और कौशल आधारित दोहरी शिक्षा प्रणाली का अवलोकन किया। विश्वविद्यालय पहुंचने पर कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार और कुलसचिव प्रोफेसर ज्योति राणा ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। कुलगुरु प्रो. दिनेश कुमार ने उन्हें सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का भ्रमण कराया और ऑन द जॉब ट्रेनिंग, पढ़ाई और कमाई के संयुक्त मॉडल की जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल ने डाइकिन इंडिया और ऊषा सिलाई मशीन द्वारा स्थापित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी देखे और विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए रोबोटिक्स, ऑटोमेशन, ड्रोन और ईवी जैसे प्रोजेक्ट्स की सराहना की।

अकादमिक अधिष्ठाता प्रो. विक्रम सिंह ने विश्वविद्यालय के विजन-मिशन और उद्योग से जुड़े शैक्षणिक मॉडल की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यहां विद्यार्थी 40 प्रतिशत थ्योरी और 60 प्रतिशत इंडस्ट्री में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं, साथ ही उन्हें स्कॉलरशिप भी दी जाती है। श्रम संसाधन विभाग के सचिव दीपक आनंद ने कहा कि एसवीएसयू का मॉडल व्यावहारिक कौशल को बढ़ावा देने वाला और युवाओं के रोजगार सृजन के लिए उपयोगी है। उन्होंने बिहार में इसी मॉडल पर स्किल यूनिवर्सिटी स्थापित करने की घोषणा की। इस अवसर पर प्रो. आशीष श्रीवास्तव, प्रो. कुलवंत सिंह, प्रो. सुनील गर्ग समेत कई शिक्षक व अधिकारी मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


