दूल्हे की कार डिवाइडर से टकराई, एक युवक घायल
बल्लभगढ़ में रविवार रात बारात के लिए जा रही गाड़ी सीमेंट के डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दूल्हे की बुआ का बेटा मुकुल गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य सभी सुरक्षित रहे। स्थानीय लोगों ने खराब रेड लाइट को ठीक कराने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है।

बल्लभगढ़,संवाददाता। आईएमटी रेड लाइट के पास रविवार रात बारात के लिए सजी-धजी एक गाड़ी व एक के-10 कार सीमेंट के डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में कार व गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना में दूल्हे की बुआ का बेटा घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में ले जाया गया और किसी को चोट नहीं आई। गांव सोतई से रविवार रात नरेंद्र सिंह के बेटे लकी की बारात छायसा गांव जा रही थी। आईएमटी चंदावली के पास सीमेंट के डिवाइडर से सजी-धजी गाड़ी अचानक टकरा गई, जिससे गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी के एयरबैग खुल गए।
गाड़ी में दूल्हा लकी, उसकी बहन, जीजा सहित अन्य परिजन सवार थे। गनीमत रही कि सभी लोग सुरक्षित बच गए। हालांकि गाड़ी में सवार दूल्हे की बुआ का बेटा मुकुल (25 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके हाथ में फ्रैक्चर बताया गया है। परिजनों ने उसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। इसी दौरान एक अन्य कार भी उसी स्थान पर सीमेंट के डिवाइडर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आईएमटी चंदावली स्थित रेड लाइट लंबे समय से खराब पड़ी है। रात के समय दृश्यता कम होने के कारण वाहन चालक डिवाइडर को समय पर नहीं देख पाते, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि खराब पड़ी रेड लाइट को तुरंत ठीक कराया जाए तथा डिवाइडर पर रिफ्लेक्टर और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


