बाजार में लाइटें लगाने और कॉलोनी की गलियां बनाने का कार्य शुरू
बल्लभगढ़ में दूधिया लाइटों की स्थापना और भीमसेन कॉलोनी की गलियों की मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है। यह कार्रवाई ‘हिन्दुस्तान’ द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित खबरों के बाद हुई है। व्यापारियों और निवासियों को उम्मीद है कि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान होगा।

बल्लभगढ़, अशोक जैन। शहर के मुख्य बाजार में दूधिया लाइटें लगने और भीमसेन कॉलोनी में एक माह से उखड़ी गलियां ठीक करने का काम शुरू हो गया है। इस दोनों मुद्दों को आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान’ ने 7 और 10 जून के अंक में प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद नगर निगम प्रशासन और संबंधित एजेंसियां सक्रिय हो गई। हिन्दुस्तान ने 10 जून के अंक में मुख्य बाजार में करीब चार माह से लंबित पड़ी दूधिया लाइट योजना की खबर प्रकाशित की थी। खबर में बताया गया था कि मार्च में शुभारंभ होने के बावजूद 58 लाख रुपये की परियोजना पर कोई ठोस कार्य शुरू नहीं हुआ था और बाजार के कई हिस्सों में रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने से व्यापारियों और ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
बाजार में कार्य की प्रगति
खबर प्रकाशित होने के बाद संबंधित एजेंसी ने बाजार क्षेत्र में पोल लगाने के लिए फाउंडेशन तैयार करने का काम शुरू कर दिया है। कई स्थानों पर गड्ढे खोदकर आधार निर्माण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। व्यापारियों का कहना है कि यदि इसी गति से कार्य चलता रहा तो जल्द ही बाजार दूधिया रोशनी से जगमगाता नजर आएगा।
भीमसेन कॉलोनी में समस्याएं
इसी प्रकार हिन्दुस्तान ने 7 जून के अंक में भीमसेन कॉलोनी की गली नंबर-एक की बदहाल स्थिति को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। करीब एक माह से उखड़ी पड़ी सड़क के कारण 50 से अधिक परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के कारण गली में कीचड़, गंदा पानी और गड्ढे बन गए थे, जिससे लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया था।
नगर निगम की कार्रवाई
खबर प्रकाशित होने के बाद नगर निगम प्रशासन ने मौके पर टीम भेजकर गली की मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू करा दिया है। सड़क को समतल करने और निर्माण सामग्री डालने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इससे स्थानीय लोगों को काफी राहत मिली है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से रुका कार्य शुरू होने से उन्हें उम्मीद जगी है कि जल्द ही गली पूरी तरह बनकर तैयार हो जाएगी।
निवासियों की प्रतिक्रियाएं
भीमसेन कॉलोनी के निवासियों ने कहा कि लंबे समय से उनकी समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा था, लेकिन खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की है। वहीं, बाजार के व्यापारियों ने भी दूधिया लाइट योजना के कार्य शुरू होने पर संतोष व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही पूरी परियोजना साकार होगी।
अधिशासी अभियंता का बयान
नगर निगम बल्लभगढ़ के अधिशаси अभियंता डालचंद ने बताया कि दोनों कार्यों को गति दे दी गई है। भीमसेन कॉलोनी में सड़क निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है, जबकि बाजार में दूधिया लाइट परियोजना के तहत फाउंडेशन और अन्य तैयारियां की जा रही हैं। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जल्द कार्य पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


