तेज रफ्तार कार की टक्कर से बच्चे की जान गई
फरीदाबाद में एक 10 वर्षीय बच्चे की कार की टक्कर से मौत हो गई। बच्चा अपने पिता के साथ कबाड़ बीनने निकला था जब यह हादसा हुआ। बच्चे को गंभीर चोटें आईं और अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। सेक्टर-नौ-12 की डिवाइडिंग रोड पर कार की टक्कर से 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। बच्चा रिक्शा लेकर कबाड़ा बीनने निकला था। यह हादसा सोमवार शाम का है। सेक्टर-आठ थाना पुलिस ने मृतक बच्चे के परिजनों की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मूल रूप से असम निवासी मेहरूद्दीन सेक्टर-10 की झुग्गीबस्ती में अपने परिवार के साथ रहते हैं। वे यहां रहकर सड़क किनारे पड़े कबाड़े को इकटठा करने के बाद उसे बेचकर अपनी आजीविका चलाते हैं। सोमवार शाम को भी वह रिक्शा लेकर कबाड़ा बीनने के लिए निकले थे। वे कबाड़ा लेकर सेक्टर-नौ-12 की डिवाइडिंग रोड से गुजर रहे थे।
उनका 10 वर्षीय बेटा हसीन रिसलम अपने पिता के रिक्शे के पीछे-पीछे चल रहा था। सेक्टर-नौ-12 की डिवाइडिंग रोड पर रिक्शा से कुछ कबाड़ा गिर गया था। उसे उठाने के चक्कर में वहां से गुजर रही कार ने बच्चे को टक्कर मार दी थी। इससे बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया था। वे तुरंत बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे, वहां डाक्टर ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। टक्कर मारने वाली कार तेज रफ्तार में बताई गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की, लेकिन दुर्घटनास्थल पर कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं मिला है। पुलिस फरार कार की पहचान के लिए प्रयास करने में जुटी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




