
परमात्मा की कोई ऐसा रहा... सूरजकुंड हादसे पर बोले हरियाणा के मंत्री, दावा- झूले ठीक थे
यह हादसा 'सुनामी' नामक झूले पर हुआ, जिस पर उस समय करीब 18 लोग सवार थे। झूला अचानक ऊपर जाकर अटक गया था, जिससे उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। वहां मौजूद कुछ लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए लोगों की जान बचाई।
सूरजकुंड मेला मैदान में झूला टूटने से हुए हादसे को लेकर हरियाणा सरकार के पर्यटन मंत्री अरविंद शर्मा ने एक ऐसा बयान दिया है जो कि चर्चा का विषय बन गया है। शर्मा ने कहा है कि ये हादसा भगवान की मर्जी से हुआ है जबकि झूले ठीक-ठाक थे। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि 'सर्टिफिकेशन की जहां तक बात है जितने भी झूले लगे हुए हैं उनका रोजाना प्रशासन की तरफ से सर्टिफिकेशन होता है। आज (हादसे से पहले) भी उसका सर्टिफिकेशन हुआ लेकिन परमपिता परमात्मा की कोई ऐसा रहा कि ये हादसा हुआ, जो कि नहीं होना चाहिए था।
पर्यटन मंत्री अरविंद शर्मा के इस बयान की आम आदमी पार्टी के नेशनल मीडिया इंचार्ज अनुराग ढांडा ने कड़ी आलोचना की है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि ‘हरियाणा सरकार के मंत्री कह रहे हैं हादसा सरकार की गलती से नहीं बल्कि भगवान की मर्जी से हुआ। जब डिप्टी कमिश्नर ने झूले फिट होने का फर्जी सर्टिफिकेट दिया तो एफआईआर अकेले वेंडर पर क्यों? डिप्टी कमिश्नर सीनियर है, उसके खिलाफ एडीसी की जांच कमेटी कैसे जांच करेगी? नायब सिंह सरकार सूरजकुंड लापरवाही पर लीपापोती कर रही है।’

क्या हुआ था मेले में?
यह हादसा 'सुनामी' नामक झूले पर हुआ, जिस पर उस समय करीब 18 लोग सवार थे। इस हादसे में 11 लोग घायल हुए। झूला अचानक ऊपर जाकर अटक गया था, जिससे उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। वहां मौजूद कुछ लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए लोगों की जान बचाई। वहीं इस दौरान वहां तैनात पुलिसकर्मी जगदीश प्रसाद ने भी लोगों का रेस्क्यू किया लेकिन इसी दौरान उन्हें भी गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
इस भयावह घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जो कि सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें झूले को ऊपर से सीधे जमीन पर गिरते हुए देखा जा सकता है। पुलिस इस जांच में जुटी है कि यह हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या सुरक्षा मानकों में कोई कोताही बरती गई थी।

लेखक के बारे में
Mohitलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




