फरीदाबाद में महिला टीचर ने 2 जेठानियों को पेट्रोल डाल जलाया, चौंकाने वाली वजह आई सामने

Apr 05, 2026 08:27 am ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
share

Faridabad News: फरीदाबाद में एक महिला ने अपनी दो जेठानियों पर पेट्रोल डालकर उन्हें जला दिया। इससे दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जो एक प्राइवेट स्कूल में टीचर है।

फरीदाबाद में महिला टीचर ने 2 जेठानियों को पेट्रोल डाल जलाया, चौंकाने वाली वजह आई सामने

Faridabad News: फरीदाबाद की डबुआ कॉलोनी में एक देवरानी ने चरित्र पर उंगली उठाने से खफा होकर अपनी दो जेठानियों पर पेट्रोल डालकर उन्हें जला दिया। इससे दोनों बहन गंभीर रूप से झुलस गईं। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जो एक निजी स्कूल में शिक्षिका है।

पुलिस ने शनिवार को आरोपी महिला को अदालत में पेश कर एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान महिला ने बताया है कि उसकी दोनों जेठानियां उसके चरित्र पर उंगली उठाती थीं। इस वजह से उसने गुस्सा होकर दोनों को पेट्रोल डालकर जला दिया था। दोनों घायल महिलाओं को इलाज के लिए दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

पुलिस के मुताबिक, डबुआ कॉलोनी सीमा और मीना 3 अप्रैल को घर पर मौजूद थीं, तभी उनकी देवरानी पिंकी आई थी। उन्होंने उसे चाय पिलाई थी। पिंकी एक थैला लाई थी, जिसे उसने बाथरूम में रख दिया और कई बार अंदर-बाहर जाती रही।

बाल्टी में भरा था पेट्रोल

शाम करीब 5 बजे जब वह दोनों छत पर खड़ीं थीं तो पिंकी बाथरूम से बाहर आई और अचानक बाल्टी में भरा पेट्रोल दोनों बहनों पर डाल दिया। इसके बाद उसने माचिस की तीली जलाकर उन पर फेंक दी, जिससे दोनों के कपड़ों में आग लग गई और वो गंभीर रूप से झुलस गईं। महिलाओं के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग जमा हो गए।

निजी स्कूल में है शिक्षिका

पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले के जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर राजेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी महिला ने बीएससी-बीएड की पढ़ाई की हुई है और एक निजी स्कूल में पढ़ाती है। पूछताछ में उसने बताया है कि दोनों जेठानी उसके चरित्र पर शक करती थीं। इस वजह से उसने यह कदम उठाया है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।