फरीदाबाद में बड़ा हादसा, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के टैंक में गिरने से 2 युवकों की मौत
फरीदाबाद में आज सुबह नगर निगम के सीवरेज प्लांट में काम करने आए दो युवक टैंक में गिर गए, जिससे जहरीली गैस से दम घुटने से दोनों की मौत हो गई। पुलिस और दमकल विभाग को अब तक एक ही युवक का शव मिल पाया है, दूसरे की तलाश जारी है।

फरीदाबाद के जीवन नगर पार्ट-1 स्थित नगर निगम के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां काम करने आए दो युवकों की टैंक में गिरने के बाद जहरीली गैस से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दोनों कर्मचारियों के शवों को बाहर निकालने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। एक शव बाहर निकाल लिया गया है। मुजेसर थाना के एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि दूसरे युवक के शव को निकालने के लिए पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम लगी हुई है। मृतकों की पहचान 26 वर्षीय आकाश और अमन के रूप में हुई है। घटना की खबर सुनते ही उनके घरों में मातम छा गया।
सेफ्टी बेल्ट भी टूटी, साथी को बचाने के चक्कर में दूसरे की भी मौत
आकाश पिछले करीब तीन साल से और अमन करीब डेढ़ साल से यहां कार्यरत था। मंगलवार सुबह ठेकेदार ने फोन कर टैंक की सफाई के लिए एक चैन लगाने के लिए बुलाया था। इसके बाद आकाश और अमन काम करने के लिए मौके पर पहुंचे। आकाश सेफ्टी बेल्ट बांधकर टैंक के अंदर उतर रहा था। इसी दौरान टैंक से निकलने वाली जहरीली गैस के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया। वह नीचे की ओर खिंचने लगा और उसकी सेफ्टी बेल्ट भी टूट गई, जिससे वह सीधे टैंक में जा गिरा। उसे बचाने के लिए अमन तुरंत नीचे उतरा, लेकिन उसका भी पैर फिसल गया और वह भी टैंक में गिर गया। टैंक से निकल रही जहरीली गैस से दोनों की मौत हो गई। एक और तीसरा कर्मचारी विपिन भी दोनों को बचाने के लिए सेफ्टी बेल्ट बांधकर नीचे उतरने लगा था। हालांकि टैंक से निकल रही गैस का असर उस पर भी होने लगा और वह भी गिरने की ही वाला था कि मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने समय रहते उसे ऊपर खींच लिया, जिससे उसकी जान बच गई।
सुरक्षा मानकों में चूक की जांच कर रही पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने एक युवक के शव को बाहर निकाल लिया, जबकि दूसरे युवक को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह टैंक में जहरीली गैस मानी जा रही है।
सुरक्षा बेल्ट का टूटना भी एक गंभीर सुरक्षा चूक है। पुलिस जांच कर रही है कि क्या सुरक्षा में कोई लापरवाही तो नहीं बरती गई थी। प्लांट में सुरक्षा मानकों को लेकर क्या लापरवाही बरती गई, इसकी गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और मृतकों के परिजनों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।
रिपोर्ट: मोनी देवी


