Hindi Newsएनसीआर Newsfaridabad smart city 2026 manjhawali bridge noida connectivity raja nahar singh stadium bk hospital
फरीदाबाद @ 2026: मंझावली पुल से लेकर स्टेडियम तक, नए साल में बदलेगी शहर की सूरत

फरीदाबाद @ 2026: मंझावली पुल से लेकर स्टेडियम तक, नए साल में बदलेगी शहर की सूरत

संक्षेप:

वर्ष 2026 में फरीदाबाद को मंझावली पुल के जरिए नोएडा से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी, साथ ही राजा नाहर सिंह स्टेडियम के जीर्णोद्धार और नए मदर-चाइल्ड अस्पतालों से खेल व स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार आएगा।

Jan 01, 2026 07:56 am ISTAnubhav Shakya हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
share Share
Follow Us on

स्मार्ट सिटी के लिए नया साल कई बड़ी उम्मीदें लेकर आया है। एक ओर जहां मंझावली पुल का निर्माण ग्रेटर नोएडा में पूरा हाेने से दिल्ली एनसीआर के साथ शहर की कनेक्टिविटी सुधरेगी, वहीं, नवजातों को सरकारी स्तर पर उच्च स्तरीय इलाज मिल सकेगा। साथ ही अंतरराष्ट्रीय राजा नाहर सिंह क्रिकेट स्टेडियम में दोबारा मैचों का आयोजन होगा।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

नोएडा की घटेगी दूरी

ये तीनों परियोजनाएं न केवल आवागमन, बल्कि स्वास्थ्य और खेल के क्षेत्र में भी फरीदाबाद को नई पहचान देंगी। यमुना पर बन मंझावली पुल वर्षों से फरीदाबाद और नोएडा के लोगों की बहुप्रतीक्षित मांग रहा है। फरीदाबाद क्षेत्र में पुल और सड़क निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। दो दिन पहले ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में भी पांच किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य यूपी लोक निर्माण विभाग की तरफ से शुरू कर दिया गया। अधिकारियों ने एक साल में निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा है। पुल के चालू होते ही फरीदाबाद से नोएडा और ग्रेटर नोएडा तक का सफर काफी आसान हो जाएगा। अभी लोगों को दिल्ली या पलवल होते हुए लंबा रास्ता तय करना पड़ता है, जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी होती है। मंझावली पुल के शुरू होने से औद्योगिक गतिविधियों को भी रफ्तार मिलेगी। नहरपार, बल्लभगढ़ और ग्रेटर फरीदाबाद क्षेत्र के उद्योगों को नोएडा और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बाजारों से सीधा संपर्क मिलेगा। रियल एस्टेट सेक्टर को भी इसका फायदा मिलने की उम्मीद है। विशेषज्ञों का मानना है कि पुल खुलने के बाद इन इलाकों में निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

ये भी पढ़ें:90 km की स्पीड से दौड़ती कार से महिला को फेंका, फरीदाबाद गैंगरेप में बड़ा खुलासा

स्टेडियम का काम फिर होगा शुरू

शहर में अंतरराष्ट्रीय राजा नाहर सिंह स्टेडियम का रुका निर्माण कार्य जल्द शुरू करने की तैयारी की गई है। इसके लिए नगर निगम ने करीब 108 करोड़ रुपो का बजट तैयार किया है, जिसे सरकार ने मंजूरी दे दी है। इसके निर्माण से स्मार्ट सिटी में दो दशक बाद एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मैचों की गूंज सुनाई देगी। लंबे समय से यहां बड़े आयोजन नहीं हो पा रहे थे, लेकिन 2026 में दोबारा घरेलू और संभावित अंतरराष्ट्रीय मैचों के आयोजन की संभावना जताई जा रही है। स्टेडियम में मैच शुरू होने से न केवल खेल प्रेमियों को मनोरंजन मिलेगा, बल्कि शहर की अर्थव्यवस्था को भी फायदा होगा। होटल, रेस्टोरेंट, परिवहन और स्थानीय कारोबार को बढ़ावा मिलेगा। युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी मिलेगी। इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहर की छवि एक आधुनिक और सुविधाजनक शहर के रूप में उभरेगी। बेहतर कनेक्टिविटी, मजबूत स्वास्थ्य सेवाएं और खेल सुविधाओं का विस्तार शहर के विकास को नई दिशा देंगे।

ये भी पढ़ें:अगले मॉनसून फरीदाबाद की सड़कें नहीं होंगी जलमग्न, प्रशासन ने बना लिया पूरा प्लान

स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी

फरीदाबाद मंडल में बीके में 200 बेड, पलवल और नूंह में 100 बेड के मदर-चाइल्ड केयर अस्पतालों का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। ये अत्याधुनिक मदर-चाइल्ड अस्पताल भी 2026 में शहरवासियों को बड़ी राहत देंगे है। लंबे समय से इसके शुरू होने का इंतजार किया जा रहा था। इन अस्पतालों में गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं और बच्चों के इलाज के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध होंगी। अभी तक गंभीर मामलों में मरीजों को दिल्ली के बड़े अस्पतालों का रुख करना पड़ता है, जिससे समय के साथ-साथ आर्थिक बोझ भी बढ़ता है। मदर-चाइल्ड अस्पताल के शुरू होने से फरीदाबाद ही नहीं, बल्कि पलवल और आसपास के जिलों के लोगों को भी लाभ मिलेगा। आधुनिक मशीनें, विशेषज्ञ डॉक्टर और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं शहर की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करेंगी।

नगर निगम के मुख्य अभियंता विवेक गिल का कहना है कि स्टेडियम के रूके काम को पूरा करने के सरकार से बजट को मंजूरी मिल गई है। एक सप्ताह में टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।इसके बाद निर्माण कार्य की दिशा में काम शुरू किया जाएगा।

Anubhav Shakya

लेखक के बारे में

Anubhav Shakya
भारतीय जनसंचार संस्थान नई दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद जी न्यूज से करियर की शुरुआत की। इसके बाद नवभारत टाइम्स में काम किया। फिलहाल लाइव हिंदुस्तान में बतौर सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। किताबों की दुनिया में खोए रहने में मजा आता है। जनसरोकार, सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों में गहरी दिलचस्पी है। एनालिसिस और रिसर्च बेस्ड स्टोरी खूबी है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।