काम की बात: फरीदाबाद के कई सेक्टरों सहित इन इलाकों में 2 दिन पानी की सप्लाई नहीं, स्टोर कर लें पेयजल
पाइपलाइन कनेक्शन जोड़ने के काम की वजह से फरीदाबाद के कई सेक्टरों और कुछ इलाकों में 2 दिन पानी की सप्लाई ठप रहेगा। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण ने संबंधित इलाकों के लोगों से अपील की है कि वे शटडाउन को ध्यान में रखते हुए पहले से पर्याप्त मात्रा में पानी स्टोर कर लें।

फरीदाबाद के कई इलाकों में 3 अक्तूबर सुबह 10 बजे से 4 अक्तूबर शाम चार बजे तक पानी की सप्लाई बंद रखा जाएगा। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण की ओर से शनिवार को नॉर्दर्न रेलवे और सोहना-बल्लभगढ़ रोड के पास पाइपलाइन कनेक्शन जोड़ने का काम किया जाएगा। इससे रेनीवेल लाइन नंबर-1 को करीब 30 घंटे के लिए बंद रखा जाएगा। बल्लभगढ़-सोहना रेलवे ओवरब्रिज को चार लेन बनाने की कार्य किया जा रहा है। बल्लभगढ़ में रेलवे लाइन के नीचे पेयजल की लाइन आ रही है। इसे दूसरी जगह शिफ्ट किया जाएगा, जिसके लिए रेनीवेल वाटर सप्लाई लाइन नंबर-1 को 3 अक्तूबर सुबह 10 बजे से 4 अक्तूबर शाम चार बजे तक बंद रखा जाएगा।
शिफ्टिंग कार्य के दौरान सेक्टर-22, सेक्टर-23, सेक्टर-25, सेक्टर-58, सेक्टर-55, गौंची, शहीद पार्क, जेसीबी चौक, पंचायत भवन, जैन कॉलोनी, भीम बाग, सुभाष कॉलोनी, ऊंचा गांव, मिल्क प्लांट और प्रेम नगर में जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। एफएमडीए के चीफ इंजीनियर विशाल बंसल ने कहा कि संबंधित इलाकों के लोगों से अपील की गई है कि वे शटडाउन को ध्यान में रखते हुए पहले से पर्याप्त मात्रा में पानी का भंडारण कर लें, ताकि उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े।
होली चौक से गौंछी ड्रेन तक नाला बनेगा
शहर के वार्ड-3 में जलभराव की समस्या से लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। नगर निगम होली चौक से गौंछी ड्रेन तक आरसीसी नाले का निर्माण कराएगा। करीब दो फीट चौड़े इस नाले के निर्माण की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और अगले महीने से काम शुरू होने की संभावना है। करीब 36.98 लाख रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य को चार महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। नाला बनने से आसपास के क्षेत्र में बारिश के पानी की निकासी बेहतर हो सकेगी। बारिश के दौरान शहर के कई हिस्सों में जलभराव की समस्या सामने आती है। वार्ड-3 में होली चौक से गौंछी ड्रेन तक भी बारिश के बाद सड़क पर पानी जमा हो जाता है।
10 हजार लोगों को फायदा होगा
स्थानीय लोगों के अनुसार, तेज बारिश के दौरान यहां घुटनों तक पानी भर जाता है। इससे पैदल चलने वाले लोगों के साथ वाहन चालकों को भी परेशानी होती है। कई बार लोगों को पानी के बीच से होकर आवाजाही करनी पड़ती है। नगर निगम की योजना के तहत होली चौक से गौंछी ड्रेन तक आरसीसी नाला बनाया जाएगा। नाले के जरिए बारिश के पानी को व्यवस्थित तरीके से गौंछी ड्रेन तक पहुंचाया जाएगा। इससे जलनिकासी व्यवस्था बेहतर होगी। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, निर्माण के दौरान नाले की चौड़ाई और ढलान का विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि पानी का बहाव सुचारु बना रहे। कार्य पूरा होने के बाद वार्ड के करीब 10 हजार लोगों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।

