
15 साल पुरानी मांग होगी पुरी, फरीदाबाद के एनआईटी-1 बाजार में बहुमंजिला पार्किंग को मंजूरी
फरीदाबाद नगर निगम प्रशासन ने एनआईटी-एक बाजार में बहुमंजिला पार्किंग स्थल बनाने की मंजूरी दे दी है। यह पार्किंग स्थल बाजार के फावड़ा सिंह चौक पर बनाया जाएगा। निगम जल्द ही पार्किंग स्थल की डीपीआर तैयार करवाने जा रहा है। इसके बाद पार्किंग स्थल की टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी।
नगर निगम प्रशासन ने एनआईटी-एक बाजार में बहुमंजिला पार्किंग स्थल बनाने की मंजूरी दे दी है। यह पार्किंग स्थल बाजार के फावड़ा सिंह चौक पर बनाया जाएगा। निगम जल्द ही पार्किंग स्थल की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट(डीपीआर) तैयार करवाने जा रहा है। इसके बाद पार्किंग स्थल की टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी। एनआईटी-एक बाजार शहर का सबसे बड़ा बाजार है। यहां पर शहर के कोने-कोने से लोग खरीदारी करने आते हैं। यही नहीं पलवल आदि जिलों से भी यहां खरीदारी करने आते रहते हैं।

इस बाजार का मुख्य रोड 60 फीट चौड़ा है। एनआईटी-एक बाजार के अंदर वाली रोड के अलावा बीके-हार्डवेयर रोड परर भी बड़े-बडे आउटलेट हैं। यहां घरेलू जरूरत के सामान से लेकर उद्योगों के जरूरत पड़ने वाले पाटर्स बेचने वाले डीलर भी यहां कारोबार करते हैं। इस वजह से यहां पर हर रोज हजारों की संख्या में वाहन चालक आते हैं। पुराना बाजार होने के बावजूद यहां पार्किंग स्थल नहीं है। इस वजह से बाजार के अंदर ही रोड पर वाहन खड़े रहते हैं।
फिलहाल ओल्ड फरीदाबाद में है पार्किंग की सुविधा
शहर के बाजारों में पार्किंग स्थल की बड़ी समस्या है। इस वजह से वाहन शहर की सड़कों पर खड़े होते हैं। मौजूदा समय में ओल्ड फरीदाबाद में ही बहुमंजिला पार्किंग स्थल बन सका है, लेकिन पार्किंग शुल्क के रेट और अग्निशमन विभाग से एनओसी न मिलने के कारण यह पार्किंग स्थल शुरू नहीं हो पा रहा है।
15 वर्ष से लोग पार्किंग की मांग कर रहे
एनआईटी-एक बाजार के लिए करीब 15 वर्ष से पार्किंग स्थल की मांग चल रही है। कई बार प्रदेश सरकार ने यहां पर पार्किंग स्थल का प्रस्ताव तैयार करने का आदेश दिया, लेकिन प्रस्ताव से आगे पार्किंग स्थल की योजना आगे नही बढ़ सकी। अब निगम प्रशासन ने पार्किंग स्थल बनाने की योजना को मंजूरी दे दी। निगम प्रशासन ने दो दिन पहले पार्किंग स्थल की डीपीआर बनाने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। चयनित कंपनी बहुमंजिला पार्किंग स्थल की डीपीआर तैयार करेगी। इस माह के अंत तक डीपीआर तैयार करने वाली कंपनी का चयन कर लिया जाएगा।





