फरीदाबाद में बड़ा हादसा; वर्कशॉप में धमाकों के साथ भीषण आग, 35 लोग झुलसे

Feb 17, 2026 01:06 am ISTKrishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
share Share
Follow Us on

फरीदाबाद के मुजेसर की एक वर्कशॉप में सोमवार को भीषण आग लग गई। केमिकल ड्रमों में धमाकों के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया जिसमें पुलिस और दमकल कर्मियों समेत 35 से अधिक लोग झुलस गए। 

फरीदाबाद में बड़ा हादसा; वर्कशॉप में धमाकों के साथ भीषण आग, 35 लोग झुलसे

फरीदाबाद के सेक्टर-24 मुजेसर की एक वर्कशॉप में सोमवार शाम भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा परिसर धुएं और लपटों से घिर गया। कालका ऑयल कटर वर्कशॉप में आग लगने से पहले एक जोरदार धमाका हुआ जिससे आग और भड़क गई। इस हादसे में फायर ब्रिगेड कर्मियों, पुलिसकर्मियों, वर्कशॉप मालिक और राहगीरों समेत 35 से अधिक लोग झुलस गए।

चिंगारी से आग लगने का अंदेशा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुजेसर की मैसर्स कालका ऑयल कटर वर्कशॉप में सीएनसी मशीन से स्टील और एल्युमिनियम काटने का काम होता है। सोमवार शाम लगभग 4:00 बजे एक क्रेन में वेल्डिंग की जा रही थी। वेल्डिंग की चिंगारी से वर्कशॉप में आग लग गई जिसे बुझा लिया गया लेकिन इसी बीच आग की एक चिंगारी पास की दुकानों के बाहर रखे तेल और केमिकल के ड्रमों में जा गिरी।

होने लगे धमाके

इससे केमिकल के ड्रमों ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते धमाके होने लगे और आग अधिक भयावह हो गई। कुछ ही मिनटों में तेज धमाकों के साथ आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वर्कशॉप के पास लगभग 20-25 ड्रम थे जो एक के बाद एक फटते रहे। इन विस्फोटों से 100 मीटर के दायरे में खड़े सभी दोपहिया वाहन और कारें जल गईं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया।

35 लोग झुलसे

इस घटना में मौके पर लोगों को बचाने पहुंचे सब-इंस्पेक्टर रवि, सिपाही अजनेश, एसपीओ अभिषेक, दो फायर ब्रिगेडकर्मी, मनोज, लुकमान, अनीष, राकेश, विपिन, रविंद्र, सोनू, शीशपाल, अशोक, प्रदीप सहित 35 लोग झुलस गए। उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि आग के पुख्ता कारण का पता नहीं चल सका है। फिलहाल लोगों का उपचार करवाना प्राथमिकता है।

दूर तक सुनाई दी आवाज

धमाकों की आवाज करीब एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग की ऊंची लपटें उठने लगीं और पूरे क्षेत्र में काला धुआं फैल गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि आसपास के मकानों और दुकानों में बैठे लोग डर गए और तुरंत बाहर निकल आए। हर तरफ खौफनाक मंजर दिखाई दे रहा था।

सिलेंडर फटने से भी आग लगने का शक

कंपनी के पीछे वाली गली में पुलिस ने तुरंत घेराबंदी करके लोगों का आना-जाना रोक दिया। सूचना मिलते ही दमकल की 20 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाना शुरू किया। पुलिस और प्रशासन की टीमें हालात पर नजर रखे हुए हैं। आग लगने का एक अन्य कारण पीछे की कंपनी में एक सिलेंडर का फटना भी बताया जा रहा है। इस घटना के बाद इलाके में डर का माहौल बना हुआ है।

Krishna Bihari Singh

लेखक के बारे में

Krishna Bihari Singh

कृष्ण बिहारी सिंह वरिष्ठ पत्रकार और स्टेट टीम का हिस्सा (दिल्ली-NCR, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, राजस्थान और गुजरात )


संक्षिप्त विवरण

कृष्ण बिहारी सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। कृष्ण बिहारी सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। वह स्टेट टीम के साथ काम कर रहे हैं। कृष्ण बिहारी सिंह भारतीय मीडिया जगत में केबी उपनाम से चर्चित हैं। यूपी के मऊ जिले से ताल्लुक रखने वाले केबी महाराष्ट्र और हरियाणा में पत्रकारिता कर चुके हैं। मौजूदा वक्त में वह दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: कृष्ण बिहारी सिंह लोकमत, आज समाज, राष्ट्रीय सहारा, अमर उजाला और दैनिक जागरण अखबार में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। उन्होंने साल 2019 में जागरण डॉट कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा। कृष्ण बिहारी सिंह मौजूदा वक्त में भारत के प्रसिद्ध समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) की स्टेट टीम में डिप्टी चीफ एडिटर (कंटेंट क्रिएटर) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

शैक्षणिक पृष्ठभूमि: लॉ (एलएलबी) और साइंस (बी.एससी, बायोलॉजी) से ग्रेजुएट कृष्ण बिहारी सिंह ने महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए और एमफिल किया है। कृष्ण बिहारी सिंह भारतीय राजनीति और वैश्विक मामलों के साथ विधि विषय की गहरी समझ रखते हैं। अखबार से लेकर टेलीविजन और अब डिजिटल मीडिया के बदलावों के साक्षी रहे कृष्ण बिहारी सिंह पाठकों की पसंद और बदलते ट्रेंड को बारीकी से समझते हैं।

रिपोर्टिंग एवं विशेषज्ञता: कृष्ण बिहारी सिंह राजनीति, जिओ पॉलिटिक्स, जन सरोकार और क्राइम की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। कृष्ण बिहारी सिंह ने अब तक विभिन्न मीडिया संस्थानों में नेशनल, इंटरनेशनल, बिजनेस, रिसर्च एवं एक्सप्लेनर और संपादकीय टीमों के साथ लंबे समय तक काम किया है। यही वजह है कि खबर के पीछे छिपे एजेंडे की समझ रखने वाले केबी समसामयिक घटनाक्रमों पर गहरा विश्लेषण करते हैं।

पत्रकारिता का उद्देश्य: कृष्ण बिहारी सिंह 'राष्ट्र प्रथम' की भावना के साथ काम करते हैं। केबी का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी उसका राष्ट्र और लोक कल्याण है। केबी खबरों को पहले प्रमाणिकता की कसौटी पर कसते हैं, फिर आम जनमानस की भाषा में उसे परोसने का काम करते हैं। केबी का मानना है कि रिपोर्टिंग का उद्देश्य पाठकों को न केवल सूचना देना वरन उन्हें सही और असल जानकारी देना है।

और पढ़ें