
तीन महीने पहले किराए पर लिया कमरा, वहीं 14 बैगों में भरा RDX, फरीदाबाद में 'आतंकी' डॉक्टर के नए राज
Faridabad Doctor 300 kg RDX: डॉक्टर की निशानदेही पर पुलिस ने जिस कमरे की तलाशी ली, वहां से 14 भारी बैग बरामद हुए, जिनमें विस्फोटक सामग्री भरी थी। जानकारी मिली है कि उसने तीन महीने पहले वो कमरा किराए पर लिया था और मकान मालिक को सख्त निर्देश थे।
Faridabad Doctor 300 kg RDX: देश में आतंकी वारदातों को अंजाम देने की बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बीती रात फरीदाबाद में छापेमारी कर एक डॉक्टर के घर से 300 किलो आरडीएक्स, एके-47 राइफल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए। इस 'आतंकी' डॉक्टर को लेकर नए राज खुले हैं। जानकारी मिली है कि उसने तीन महीने पहले शहर में एक कमरा किराए पर लिया था। मकान मालिक को निर्देश थे कि वह कमरे में सिर्फ अपना सामान रखेगा। वहीं उसने 14 बैगों में विस्फोटक सामान भरा था।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी डॉक्टर की पहचान मुजाहिल शकील के रूप में हुई है। जम्मू-कश्मीर पुलिस को मिली गुप्त सूचना के बाद फरीदाबाद जिले में शनिवार रात को छापेमारी की गई थी। डॉक्टर की निशानदेही पर पुलिस ने जिस कमरे की तलाशी ली, वहां से 14 भारी बैग बरामद हुए, जिनमें विस्फोटक सामग्री भरी थी। जांच टीम ने मौके से 300 किलो आरडीएक्स, एके-47 राइफल, 84 कारतूस और पांच लीटर केमिकल जब्त किया।
बिल्कुल मिलनसार नहीं, अजनबी लोग मिलने आते थे
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मुजाहिल ने यह कमरा करीब तीन माह पहले किराए पर लिया था। मकान मालिक को उसने बताया था कि वह डॉक्टर है और कमरे में केवल उसका निजी सामान रहेगा। इलाके के लोगों का कहना है कि डॉक्टर बहुत कम बाहर निकलता था और अक्सर बाहर से आने वाले कुछ अजनबी लोग उससे मिलने आते थे।
आईबी और पुलिस टीम की संयुक्त छापेमारी
छापेमारी के दौरान 10 से अधिक पुलिस की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। जांच में खुफिया ब्यूरो (IB) और स्थानीय पुलिस भी शामिल थी। हालांकि, फरीदाबाद पुलिस ने अब तक आधिकारिक तौर पर इस बरामदगी या गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है।
जैश समर्थक डॉ. आदिल से कनेक्शन
इधर, सुरक्षा एजेंसियां अब डॉक्टर मुजाहिल शकील और डॉ. आदिल के बीच संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही हैं। डॉ. आदिल को कुछ दिन पहले श्रीनगर पुलिस ने सहारनपुर से गिरफ्तार किया था। उस पर जैश-ए-मोहम्मद के समर्थन में पोस्टर लगाने और हथियार रखने के आरोप हैं।
रासायनिक हमले की थी साजिश
खुफिया विभाग को आशंका है कि दोनों डॉक्टर किसी बड़े आतंकी नेटवर्क का हिस्सा थे, जो देश के अलग-अलग हिस्सों में रासायनिक या विस्फोटक हमले की योजना बना रहे थे। फिलहाल, बरामद आरडीएक्स और हथियारों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, जबकि पुलिस आरोपी के नेटवर्क की तह तक जाने की कोशिश कर रही है।





