
बांग्लादेश-नेपाल से आया था अमोनियम नाइट्रेट, 2900 किलो फरीदाबाद से पकड़ा; 300Kg अभी भी गायब!
फरीदाबाद मॉड्यूल की धरपकड़ के बाद खुलासा हुआ है कि बरामद अमोनियम नाइट्रेट विस्फोटक बांग्लादेश के रास्ते नेपाल से भारत लाया गया था, जिसे एक फर्टिलाइजर कंपनी से चोरी किया गया था।
फरीदाबाद मॉड्यूल की धरपकड़ के बाद बरामद किए गए अमोनियम नाइट्रेट को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। जांच एजेंसियों को पता चला है कि यह विस्फोटक बांग्लादेश के रास्ते नेपाल से भारत लाया गया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस विस्फोटक सामग्री को एक फर्टिलाइजर कंपनी से चोरी करके हासिल किया गया था।

हालांकि, एजेंसियां इस बात की पुष्टि करने में जुटी हैं कि संदिग्धों के ये खुलासे सच्चाई पर आधारित हैं या जांच को भटकाने की कोशिश है। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि मॉड्यूल के पास कुल 3200 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट की खेप पहुंचाई गई थी, लेकिन अब तक एजेंसियां सिर्फ 2900 किलो ही बरामद कर पाई हैं। बाकी के 300 किलो विस्फोटक का सुराग नहीं मिल पाया है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।
संदिग्धों की तलाश तेज
बाकी बचे विस्फोटक को बरामद करने और नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों तक पहुंचने के लिए जांच एजेंसियों ने दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के छह संभावित ठिकानों पर छापेमारी की है, लेकिन अब तक कोई बड़ी सफलता हाथ नहीं लगी है।
छह स्थानों पर छापा
बचे अमोनियम नाइट्रेट बरामद करने और मॉड्यूल के अन्य संदिग्धों का पता लगाने के लिए जांच एजेंसियां दिल्ली एनसीआर और उत्तर प्रदेश के छह संभावित ठिकानों पर रेड कर चुकी हैं, लेकिन उन्हें कुछ हासिल नहीं हुआ है।
वहीं, मॉड्यूल का खुलासा होने के बाद से इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में जम्मू-कश्मीर और फरीदाबाद पुलिस के अलावा अन्य प्रदेशों की पुलिस भी अपने-अपने स्तर पर जुटी हुई है।
पूरे नेटवर्क की तलाश में अलर्ट
जांच एजेंसियों ने बांग्लादेश, नेपाल और भारत के बीच सभी संभावित रूट पर अलर्ट जारी कर दिया है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि चोरी हुआ अमोनियम नाइट्रेट किस फर्टिलाइजर कंपनी से चोरी हुआ था और इस वारदात को मॉड्यूल से जुड़े किन लोगों ने अंजाम दिया, ताकि इस पूरे नेटवर्क को खंगाला जा सके। क्योंकि जांच टीम को यह जानकारी मिली है कि यह पाउडर अलग-अलग जगहों पर रखा गया था।



