काम की बात: फरीदाबाद में रहने वालों के लिए गुड न्यूज, तिगांव की 17 अवैध कॉलोनियां होंगी नियमित

हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
Follow us on Google News
share

फरीदाबाद में जल्द ही 17 और अवैध कॉलोनियों को नियमित किया जा सकता है। हरियाणा सरकार ने इसके लिए नगर निगम को इन कॉलोनियों की रिपोर्ट में मिली कमियां जल्द दूर करने को कहा है। 

Unauthorised Colonies representative image
अनधिकृत कॉलोनियों की सांकेतिक तस्वीर

फरीदाबाद के तिगांव विधानसभा क्षेत्र की 17 अवैध कॉलोनियों को नियमित करने की तैयारी तेज हो गई है। हरियाणा सरकार ने फरीदाबाद नगर निगम द्वारा भेजी गई रिपोर्ट में खामियां मिलने पर फाइल वापस भेज दी है। नक्शे और आंकड़े दुरुस्त कर दोबारा रिपोर्ट भेजने के आदेश दिए गए हैं।

नगर निगम की योजना शाखा के कर्मचारी अब सरकार की आपत्तियों को दूर करने में जुटे हैं। रिपोर्ट में कॉलोनियों के नक्शे, क्षेत्रफल और अन्य आंकड़ों को ठीक करने का काम किया जा रहा है। करीब एक साल पहले नगर निगम ने इन 17 कॉलोनियों की रिपोर्ट तैयार कर सरकार को भेजी थी। अब सरकार स्तर पर इन कॉलोनियों के रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। संबंधित अधिकारियों को रिपोर्ट में सभी जरूरी जानकारियां स्पष्ट रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि नियमितीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ सके।

कृषि भूमि पर प्लॉटिंग कर बसाई गईं कॉलोनियां

ये सभी कॉलोनियां तिगांव विधानसभा क्षेत्र में आती हैं। इन कॉलोनियों में हजारों लोग मकान बनाकर रह रहे हैं। बताया गया है कि इन कॉलोनियों को कृषि भूमि पर प्लॉटिंग करके बसाया गया था।

ड्रोन सर्वे में 553 अवैध कॉलोनियां मिली थीं

करीब तीन साल पहले सरकार के आदेश पर शहर की अवैध कॉलोनियों का ड्रोन सर्वे कराया गया था। सर्वे में 553 अवैध कॉलोनियों की पहचान हुई थी। इसके बाद टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने सूची नगर निगम को भेजकर मौके पर जांच कराई थी। जांच में 214 कॉलोनियां सरकार के तय मानकों पर खरी नहीं उतरीं। इसलिए उन्हें नियमितीकरण की सूची से बाहर कर दिया गया। सर्वे के दौरान अरावली के वन आरक्षित क्षेत्र में भी कई बस्तियां मिली थीं।

50 फीसदी आबादी की शर्त भी बनी थी वजह

अधिकारियों की जांच में कई कॉलोनियों में उस समय 50 फीसदी से कम निर्माण मिला था। कई जगह भूखंड खाली पड़े थे। सरकार की नीति के अनुसार जिस क्षेत्र में 50 फीसदी से अधिक हिस्से में आबादी बस चुकी हो, उसी को नियमितीकरण की प्रक्रिया में शामिल किया जाता है। इसलिए उस समय कई हिस्से प्रक्रिया से बाहर रह गए थे। अब इन इलाकों में काफी संख्या में मकान बन चुके हैं और आबादी बढ़ गई है।

अवैध कॉलोनी काटने पर केस होगा : नायब सिंह सैनी

बता दें कि, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को गुरुग्राम में जिला लोक संपर्क निवारण समिति की बैठक में अवैध कॉलोनी विकसित करने की शिकायत पर कड़ा संज्ञान लिया। उन्होंने कॉलोनाइजरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम लोगों को गुमराह कर अवैध कॉलोनी विकसित करने और लोगों की मेहनत की कमाई से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध निर्माण व कॉलोनी के बारे में कार्रवाई करके प्रभावित लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाए।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsफरीदाबाद में रहने वालों के लिए गुड न्यूज, 17 अवैध कॉलोनियां होंगी नियमित