काम की बात: फरीदाबाद में यहां बनेगा 100 बेड मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल, सरकार ने दी मंजूरी

हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
share

फरीदाबाद के लोगों को अच्छे इलाज के लिए अब जगह-जगह नहीं भटकना पड़ेगा। हरियाणा सरकार ने सेक्टर-7 की एक छोटी सी डिस्पेंसरी को अब 100 बेड का मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल बनाने की स्वीकृति दे दी है।

Hospital AI Generated Representative image
अस्पताल की AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर

स्मार्ट सिटी फरीदाबाद में सौ बेड के मल्टी स्पेशलिटी वाला अस्पताल बनने से लोगों को कैंसर, किडनी सहित अन्य गंभीर बीमारियों के इलाज की सुविधा मिलेगी। इसके लिए हरियाणा सरकार ने सेक्टर-7 स्थित जिला स्वास्थ्य विभाग की डिस्पेंसरी में मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल बनाने की स्वीकृति दे दी है।

यह अस्पताल 47 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा। अस्पताल के बनने से आने वाले समय में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर होंगी। बता दें कि यह अस्पताल मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत बनाया जाना है।

प्रदेश सरकार ने गुरुवार को सेक्टर-45 स्थित शहरी स्वास्थ्य केंद्र, मेवला महाराजपुर को 50 बेड का सब-डिविजनल अस्पताल बनाने की घोषणा की थी। घोषणा के बाद स्टाफ की नियुक्ति को लेकर प्रक्रिया शुरू हो गई है। वहीं, अब सरकार ने सेक्टर-7 स्थित डिस्पेंसरी में मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल बनाने की स्वीकृति दे दी है। इसके बनने के बाद बल्लभगढ़ क्षेत्र की भी स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर होंगी। इसका सबसे बड़ा लाभ आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीजों को मिलेगा। उन्हें निजी अस्पतालों या दिल्ली के अस्पतालों की ओर रुख करने की आवश्यकता नहीं होगी। मरीजों को कैंसर, किडनी, लिवर, फेफड़े और हृदय संबंधी गंभीर बीमारियों के उपचार की बेहतर सुविधा मिलेगी।

47 करोड़ की लागत आएगी

सेक्टर-7 में मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल 100 बेड का होगा। इसके निर्माण में 47 करोड़ रुपये खर्च होंगे। बता दें कि पहले यहां जिला स्वास्थ्य विभाग की सिविल डिस्पेंसरी चलती थी। अब यह काफी जर्जर हो गई है। इसके स्थान पर बहुमंजिला अस्पताल बनाया जाएगा। यहां मेडिकल सुविधाओं के अलावा मुख्य चिकित्सा अधिकारी और उपमुख्य चिकित्सा अधिकारियों के कार्यालय व विभाग भी शिफ्ट किए जाएंगे।

अभी मरीजों को करना पड़ता है रेफर

बीके अस्पताल में कैंसर रोगियों के लिए डे-केयर सेंटर बनाया हुआ है। यहां मरीजों को केवल कीमोथेरेपी दी जाती है, जबकि रेडिएशन और अन्य इलाज के लिए पीजीआई रोहतक रेफर किया जाता है। मरीजों को निजी अस्पतालों में महंगा इलाज कराना पड़ता है। स्मार्ट सिटी के आर्थिक रूप से कमजोर किडनी, लिवर और फेफड़ों के मरीज पूरी तरह निजी अस्पतालों पर निर्भर हैं। मरीज दिल्ली भी जाते हैं, लेकिन दिल्ली में अन्य राज्यों के मरीज भी इलाज के लिए आते हैं। इसके चलते वहां मरीजों की अधिकता रहती है और इलाज के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है। मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल बनने के बाद मरीजों को इन परेशानियों से राहत मिलेगी।

डॉ. एमपी सिंह, उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी, ''मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल की मंजूरी मिल गई है। निर्माण के लिए कुछ पेड़ों को हटाया जाना है। इसके लिए कोर्ट से स्वीकृति मिलनी है। उम्मीद है कि अगली तारीख पर मंजूरी मिल जाएगी। इसके बाद तेजी से निर्माण कार्य करवाया जाएगा।''

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsफरीदाबाद में यहां बनेगा 100 बेड मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल, सरकार ने दी मंजूरी