दिल्ली में फर्जी PUC सर्टिफिकेट लेकर पेट्रोल पंपों पर फ्यूल लेने पहुंच रहे लोग, ऐसे हुआ खुलासा
दिल्ली में प्रदूषण पर नियंत्रण करने के लिए सख्ती बढ़ी तो लोगों ने इससे बचने का रास्ता भी निकाल लिया। धुआं देने वाले वाहनों को भी ईंधन मिलने में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए लोग प्रदूषण जांच का फर्जी प्रमाणपत्र (Fake PUC Certificate) लेकर पेट्रोल पंप पर पहुंच रहे हैं।

दिल्ली में प्रदूषण पर नियंत्रण करने के लिए सख्ती बढ़ी तो लोगों ने इससे बचने का रास्ता भी निकाल लिया। धुआं देने वाले वाहनों को भी ईंधन मिलने में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए लोग प्रदूषण जांच का फर्जी प्रमाणपत्र (Fake PUC Certificate) लेकर पेट्रोल पंप पर पहुंच रहे हैं।
पेट्रोल पंप पर तैनात कर्मचारियों ने परिवहन ऐप पर ऑनलाइन चेक किया तो वाहन के पास पीयूसीसी था ही नहीं। पेट्रोल डीलर्स एसोसिएशन ने फर्जी पीयूसीसी समेत ऐसे कई मामलों को लेकर परिवहन विभाग के नोडल अधिकारी से शिकायत की है।
बीती 18 दिसंबर से दिल्ली में बिना वैध प्रदूषण जांच प्रमाणपत्र (No PUC, No Fuel) वाले वाहनों को ईंधन देने पर रोक लगा दी गई है। इसकी निगरानी करने के लिए परिवहन विभाग ने जगह-जगह-जगह टीमें तैनात की हैं, इसके अलावा परिवहन मंत्रालय के मोबाइल ऐप से भी मदद ली जा रही है। ऑनलाइन प्रमाण पत्र की जांच करने के लिए पेट्रोल पंप पर अनाउंसमेंट सिस्टम लगाया गया है।
ईंधन लेने पेट्रोल पंप पर पहुंच रहे वाहनों की नंबर प्लेट की पहचान करके अनाउंसमेंट सिस्टम खुद बता देता है कि किस वाहन के पास पीयूीसीसी नहीं है। पेट्रोल डीलर्स एसोसिएशन का कहना है कि अधिकांश पेट्रोल पंप पर यह अनाउंसमेंट सिस्टम रियल टाइम डेटा नहीं दे पा रहा है।
वाहनों के चले जाने के बाद पता चलता है कि वाहन चालक के पास पीयूसीसी था या नहीं। इस समस्या से बचने के लिए वाहन चालकों से फिजिकल तौर पर भी प्रमाणपत्र मांगा जा रहा है। इसमें कई वाहन चालकों के पास फर्जी प्रमाणपत्र मिले हैं। उन्होंने प्रमाणपत्र दिखाकर ईंधन लेने का प्रयास किया, लेकिन जब उसे मोबाइल ऐप पर जांचा गया तो प्रमाणपत्र का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला।
एसोसिएशन के महासचिव बिबेक बनर्जी ने बताया कि इस समस्या से परिवहन विभाग को अवगत करा दिया गया है। उनसे एएनपीआर सिस्टम को भी दुरुस्त कराने के लिए कहा गया है।
वाहनों के प्रवेश पर रोक लगने से घटा कारोबार
पेट्रोल पंप डीलर्स एसोसिएशन का कहना है कि दिल्ली में गैर बीएस-6 वाहनों के प्रवेश पर रोक लगने से पेट्रोल पंप पर बिक्री में करीब 20 से 25 फीसदी की गिरावट आ गई है। खासतौर से पड़ोसी राज्यों की सीमा पर संचालित पेट्रोल पंप की बिक्री ज्यादा प्रभावित हुई है। दिल्ली में रोज एक लाख से ज्यादा वाहन बाहरी राज्यों से आते हैं, लेकिन पाबंदी के कारण उन पर रोक लग गई है।
आप ने ट्रैफिक पुलिस और सरकार को घेरा
दिल्ली में बीते 4 दिन में करीब डेढ़ लाख वाहन चालकों ने पीयूसीसी बनवाए हैं। इसको लेकर आम आदमी पार्टी ने दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और सरकार पर निशाना साधा है।
‘आप’ के दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि महज चार दिन में इतनी बड़ी संख्या में पीयूसीसी के आवेदन सरकार की उपलब्धि नहीं बल्कि विफलता है। अब तक ये वाहन बिना पीयूसीसी दिल्ली में दौड़ रहे थे, लेकिन ट्रैफिक पुलिस इन पर कार्रवाई नहीं कर रही थी। पहले से ही पीयूसीसी बनवाने को लेकर सख्ती की गई होती तो इतना प्रदूषण न होता।



