गुरुग्राम : फिल्मी हस्तियों को ठगने वाले गैंग का भंडाफोड़, 4 दबोचे; जानें कौन-कौन हुए शिकार

Apr 17, 2026 06:57 am ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, गुरुग्राम
share

गुरुग्राम पुलिस अपराध शाखा सेक्टर-43 ने रईसों और बॉलीवुड की हस्तियों को ठगने वाले अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश कर मास्टरमाइंड समेत 4 लोगों को किया है। यह गैंग सस्ते सोना देने का लालच देकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था।

गुरुग्राम : फिल्मी हस्तियों को ठगने वाले गैंग का भंडाफोड़, 4 दबोचे; जानें कौन-कौन हुए शिकार

गुरुग्राम पुलिस ने एक ऐसे अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश किया है जिसने न केवल आम रईसों, बल्कि बॉलीवुड की बड़ी हस्तियों को भी अपनी ठगी का शिकार बनाया है। सस्ता सोना देने का लालच देकर करोड़ों की चपत लगाने वाले इस गैंग के मास्टरमाइंड प्रभुभाई और उसके तीन साथियों को गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-43 ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के पास से दो करोड़ 30 लाख रुपये नकद और 678 ग्राम सोना बरामद किया है, जिसकी बाजार में कीमत करोड़ों में है।

झांसे में लेकर वारदात को देते हैं अंजाम

अपराध शाखा सेक्टर-43 प्रभारी नरेंद्र शर्मा ने दस दिन तक जांच कर गैंग के बारे में जानकारी जुटा कर मास्टरमांइड को गुजरात के वड़ोदरा से गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि यह गैंग बेहद शातिर तरीके से काम करता था। गैंग के सदस्य अनपढ़ होने का नाटक करते थे और मजदूर बनकर लोगों से संपर्क करते थे।

रहीस लोगों से संपर्क कर बताते थे कि उन्हें खुदाई के दौरान सोने के सिक्के मिले हैं। विश्वास जीतने के लिए वे पहले कुछ असली सोने के सिक्के देते थे। जब पीड़ित उन सिक्कों को सुनार से चेक करवाता और वे असली निकलते, तो उसका लालच और भरोसा बढ़ जाता। इसके बाद बड़ी खेप देने के नाम पर आरोपी करोड़ों रुपये ऐंठ लेते और बदले में पीतल के सिक्के थमाकर फरार हो जाते थे।

फरवरी में बिछाया था जाल

सुशांत लोक निवासी एक्सपोर्ट कारोबारी ने सुशांतलोक थाने में शिकायत देकर एक अप्रैल को मामला दर्ज करवाया था। शिकायत में आरोप लगाया था कि वह बिना ड्राइवर के 13 फरवरी को जा रहा था, तभी कार का टायर पंचर हो गया। प्रभु भाई ने आकर पंचर लगवाने में मदद करने के साथ-साथ खुद को जेसीबी चालक बताया। उसने कारोबारी को बताया कि उसे खुदाई के दौरान कुछ सोने की सिक्के मिले हैं, ऐसे में वह उनको सस्ते दामों पर बेचना चाहता है। कारोबारी को कुछ सोने के सिक्के दिए गए और उससे फोन नंबर लिया गया। कारोबारी के जांच करवाने पर सिक्के असली सोने के मिले और उसके बाद कारोबारी ने आरोपी से बातचीत करना शुरू कर दिया।

मार्च महीने तक प्रभु भाई ने 19 लाख रुपये के सोने के सिक्के दिए। सभी जांच करवाने पर असली निकले और कारोबारी को उस पर विश्वास भी हो गया। ऐसे में कारोबारी ने अपने सभी जेवरात और रिश्तेदारों से रुपये लेकर आरोपी को करीब ढाई करोड़ रुपये नकद और 50 तोले सोना दिया। उसके बाद आरोपी ने तांबे के सिक्के सौंप कर ठगी को अंजाम दिया।

नामांकन भरवाने के दौरान गिरफ्तार किया

मामले में जांच करते हुए अपराध शाखा प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र शर्मा ने बताया कि आरोपी प्रभु सोलंकी अपनी पत्नी पार्वती गुजरात नगर निगम के वार्ड नंबर छह से कांग्रेस की टिकट पर अपनी पत्नी पार्वत सोलंकी को चुनाव लड़वा रहा है। 12 अप्रैल को पत्नी के नामाकंन भरने के दौरान ही टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया और गुरुग्राम लेकर आई। इसके अलावा पुलिस ने पंकज शर्मा को 12 अप्रैल को ही गिरफ्तारी किया, जबकि मनीष शाह और ईश्वर मारवाड़ी को 15 अप्रैल को गुजरात से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो करोड़ 30 लाख पांच हजार 700 रुपये नकद व 678 ग्राम सोना बरामद किया गया है। गिरफ्तार के दौरान भी आरोपी सोलंकी प्रभु भाई ने आधा किलो सोना पहना हुआ था।

25 वर्षों से ठगी की दुनिया में सक्रिय हैं जालसाज

नरेंद्र शर्मा ने बताया कि पूछताछ में मुख्य आरोपी सोलंकी प्रभुभाई ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। वह पिछले 25 वर्षों से ठगी की दुनिया में सक्रिय है। उसने करीब 15 साल पहले बॉलीवुड अभिनेता आदित्य पंचोली से 25 लाख रुपये और सुपरस्टार सलमान खान के पिता सलीम खान के पीए से 20 लाख रुपये की ठगी की थी। आरोपी के खिलाफ गुजरात, महाराष्ट्र और हरियाणा में दस मामले दर्ज है। आरोपी पहले भी मामलों में गिरफ्तार हो चुका है। ठगी के इसी पैसे से उसने लव यू नाम की एक गुजराती फिल्म भी बनाई। अपनी पत्नी को राजनीति में स्थापित करने के लिए कांग्रेस की टिकट पर वार्ड नंबर छह से पार्षद का चुनाव लड़वा रहा है। मुख्य आरोपी प्रभुभाई ठगी की कमाई से बेहद आलीशान जिंदगी जी रहा था। उसने दिल्ली-मुंबई रोड पर होटल पीएम नाम से एक शानदार होटल भी खरीदा हुआ है। इसके अलावा आरोपी को सोना पहनने और लग्जरी गाड़ियों का शौक है।

तांबे के सिक्कों पर सोने के पानी की कोटिंग की

अपराध शाखा की जांच में सामने आया कि कारोबारी से ठगने के लिए तांबे के सिक्कों पर सोने के पानी की कोटिंग करवा कर दिल्ली के सुल्तानपुर के रहने वाले सुनार ने मुहैया करवाएं थे। पुलिस जल्द ही इस मामले में सुनार को गिरफ्तार करेगी। इसके अलावा राजस्थान की जेल में बंद गैंग की दो महिलाओं को भी जल्द ही प्रोडक्शन वारंट पर लेकार पूछताछ की जाएगी।

डॉ. हितेश यादव, डीसीपी अपराध, ''करोड़ों की ठगी करने वाले एक बेहद शातिर और पेशेवर अंतरराज्यीय गिरोह के मास्टर माइंड समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। ठगी गई पूरी रकम व सोना बरामद कर लिया गया है। इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों और इस गिरोह के मददगारों की पहचान की जा चुकी है, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।''

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।