एयरफोर्स का पूर्व जवान, PG-दुकान और कई मकान; कहां तक फैला हरिराम गुप्ता का एम्पायर

नई दिल्ली, भाषा
Follow us on Google News
share

सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे में गिरफ्तार किए गए हरिराम गुप्ता पूरी तरह संपन्न हैं। उनका परिवार गुरुग्राम में रहता है। वह एयरफोर्स से रिटायर्ड हैं। उनका एक बेटा पायलट है तो दूसरा बेटा हार्डवेयर की दुकान चलाता है। उनके कई और मकान भी हैं।

Hariram Gupta, owner of Satya Niketan building
सत्य निकेतन की बिल्डिंग के मालिक हरिराम गुप्ता

दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट के ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने सत्य निकेतन हादसे के बाद गिरफ्तार पीजी मालिक हरिराम गुप्ता और उनकी उर्मिला गुप्ता को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं उनके बेटे महेश गुप्ता को दो दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया है। तीनों को सोमवार देर रात ड्यूटी मजिस्ट्रेट के आवास पर पेश किया गया था। रविवार 6 सितंबर को दोपहर डेढ़ बजे सत्य निकेतन में एक 5 मंजिला बिल्डिंग गिरने से 7 लोगों की मौत हो गई थी।

बता दें कि, 81 वर्षीय हरिराम गुप्ता भारतीय वायुसेना से रिटायर्ड सार्जेट हैं और दिल्ली से लेकर गुरुग्राम तक उनके परिवार की कई संपत्तियां हैं। दिल्ली पुलिस ने उन्हें राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार किया था।

एक बेटा है पायलट

पुलिस के मुताबिक, हरिराम गुरुग्राम के सेक्टर-23 के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि गुरुग्राम में इस परिवार की हरि पेंट्स एंड हार्डवेयर नाम से एक दुकान भी है, जिसे हरिराम का बेटा महेश गुप्ता चलाता है। हरिराम का एक और बेटा है, जो पायलट है।

परिवार के पड़ोसियों के मुताबिक, इमारत के ढहने की खबर आते ही परिवार घर छोड़ कर चला गया था और उनके घर पर ताला लग गया था और महेश की पेंट की दुकान, 'हरि पेंट्स', घटना के कुछ ही घंटों के भीतर बंद हो गई।

एक पड़ोसी ने दावा किया कि हरिराम के पास गुरुग्राम में कम से कम चार और प्रॉपर्टी हैं, हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि उन्हें सत्य निकेतन की इमारत के बारे में कुछ नहीं पता था।

पत्नी के नाम पर थी पीजी वाली प्रॉपर्टी

पुलिस ने पहले यह बताया था कि पीजी वाली बिल्डिंग के मालिक हरिराम गुप्ता हैं। एक पुलिस के अधिकारी ने बताया कि बाद में जांच में पता चला कि प्रॉपर्टी उनकी उर्मिला गुप्ता के नाम पर है, जबकि इसका प्रबंधन और संचालन हरिराम गुप्ता तथा उनके बेटे महेश गुप्ता द्वारा किया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, हादसे वाली इमारत की दो मंजिलों के बिजली कनेक्शन हरिराम गुप्ता के नाम पर हैं। यह एक बॉयज 'पेइंग गेस्ट' (पीजी) था।

बिल्डिंग सील किए जाने के दावों की जांच कर रही पुलिस

पुलिस इन दावों की भी पुष्टि कर रही है कि क्या इमारत को पिछले साल सील कर दिया गया था। हालांकि, दिल्ली नगर निगम ने इस बात से इनकार किया है कि ऐसी कोई कार्रवाई हुई थी।

रेंट एग्रीमेंट की भी हो रही जांच

एक पुलिस सूत्र ने कहा कि लगभग 55 वर्गमीटर में फैली इस बिल्डिंग में कोई खंभा और बीम नहीं था। सूत्र ने कहा कि रेंट एग्रीमेंट की एक कॉपी भी पुलिस जांच के दायरे में है, जिसमें मालिक को जिम्मेदारी से मुक्त करने वाला एक क्लॉज शामिल है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या हरिराम का परिवार इस इलाके में किसी अन्य पीजी का मालिक है या उसका संचालन करता है।

इन आरोपों में दर्ज हुई एफआईआर

पुलिस ने साउथ कैंपस थाने में हरिराम और अन्य लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या, इमारत के रखरखाव में लापरवाही और दूसरों की सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप में मामला दर्ज किया है।

अधिकारी ने कहा कि पीजी संचालकों और श्रमिक ठेकेदार की तलाश की जा रही है। मामले में उनकी भूमिका की भी जांच की जाएगी और उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। जांच के तहत पेइंग गेस्ट आवास चलाने और बेसमेंट में चल रहे काम में परिवार की भूमिका की छानबीन की जा रही है। बेसमेंट में चल रहे नवीकरण कार्य ही संभवतः इमारत के ढहने का कारण बना।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News , Delhi Protest Live और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsएयरफोर्स का पूर्व जवान, PG-दुकान और कई मकान; कहां तक फैला हरिराम का एम्पायर