दिल्ली के पुष्प विहार में पुलिस-बदमाशों में हुई ठांय-ठांय; एनकाउंटर में 3 गिरफ्तार, 2 को लगी गोली
राजधानी दिल्ली के पुष्प विहार में आज तड़के प्रिंस तेवतिया गैंग के तीन शातिर बदमाशों और दिल्ली पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से दो के पैर में गोली है।

दक्षिण दिल्ली के पुष्प विहार इलाके में शनिवार को दिल्ली पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से कई राउंड ताबड़तोड़ फायरिंक के बाद दक्षिण दिल्ली के स्पेशल स्टाफ और एएटीएस की पुलिस टीम ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए तीनों बदमाशों की पहचान राकेश उर्फ राका, सोनू उर्फ अड्डू, तीसरे आरोपी की पहचान भारत के रूप में हुई है। बाइक सवार तीनों बदमाशों द्वारा पुलिस टीम पर 6 राउंड फायरिंग की गई। इस बीच, पुलिस टीम की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में 2 बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने तीनों पकड़ा को गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कारोबारी के घर के बाहर की थी फायरिंग
राकेश ओर सोनू के पर में गोली लगी है। पकड़े गए तीनों बदमाश प्रिंस तेवतिया गैंग के सदस्य थे। बताया गया है कि कुछ दिन पहले इन बदमाशों ने लाडो सराय इलाके में रंगदारी के लिए एक कारोबारी के घर पर 11 से अधिक राउंड फायरिंग की थी।
यह एनकाउंटर स्पेशल स्टाफ के इंस्पेक्टर अनुज कुमार और एएटीएस के इंस्पेक्टर उमेश यादव के नेतृत्व में किया गया। बदमाशों ने हेड कांस्टेबल संदीप और अरविंद पर गोली चलाई जो उनकी बुलेट प्रूफ जैकेट में जा लगी। एनकाउंटर को करने वाली टीम में सब इंस्पेक्टर अभिमन्यु, अमित, मनीष फोगाट, साजिद, नवदीप, एएसआई विनीत, एएसआई पदम और कई अन्य शामिल रहे।
साकेत थाने में दर्ज कराई गई थी रंगदारी की शिकायत
डीसीपी साउथ डिस्ट्रिक्ट अनंत मित्तल ने बताया दिल्ली पुलिस ने 5 और 6 जून की रात को हुए एक छोटे से एनकाउंटर के बाद तीन बदमाशों - राकेश उर्फ राका, सोनू उर्फ अड्डू और भरत जाटव - को गिरफ्तार है। ये तीनों खुद को प्रिंस तेवतिया गैंग के सदस्य बताते हैं, जो अब खत्म हो चुका है। डीसीपी ने बताया कि लाडो सराय के रहने वाले एक व्यक्ति ने साकेत थाने में आरोपी राकेश उर्फ राका से रंगदारी के लिए कॉल और धमकियां मिलने की शिकायत पर की थी। इसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। इसी क्रम में यह ऑपरेशन चलाया गया।
डीसीपी ने बताया कि बाइक सवार दो हमलावरों ने 1 जून को शिकायतकर्ता के घर के बाहर कई राउंड फायरिंग की थी। जांच के दौरान, सीसीटीवी फुटेज देखने, टेक्निकल सर्विलांस और स्थानीय खुफिया जानकारी से आरोपी राकेश उर्फ राका और उसके साथी सोनू उर्फ अड्डू की संलिप्तता का पता चला, जो घटना के बाद से ही फरार थे।
एनकाउंटर के बाद गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के पास से 2 सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, 7 जिंदा कारतूस, 6 खाली कारतूस, 3 मोबाइल फोन और अपराध को अंजाम देने में इस्तेमाल की गई एक चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई।
(एएनआई के इनपुट के साथ)


