'10 करोड़ रुपये नहीं दिए तो गोली मार देंगे’; लॉरेंस बिश्नोई के नाम से एल्विश यादव को मिली धमकी

Praveen Sharma हिन्दुस्तान, गुरुग्राम
Follow us on Google News
share

लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने गुरुग्राम में रहने वाले बिग बॉस ओटीटी-दो विजेता यूट्यूबर एल्विश यादव से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। एल्विश यादव और उनके पिता को विदेश के मोबाइल नंबर से रंगदारी का मैसेज आया है। दो दिन में रुपये नहीं देने पर गोली मारने की धमकी दी गई है। 

'10 करोड़ रुपये नहीं दिए तो गोली मार देंगे’; लॉरेंस बिश्नोई के नाम से एल्विश यादव को मिली धमकी

लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने गुरुग्राम में रहने वाले बिग बॉस ओटीटी-दो विजेता यूट्यूबर एल्विश यादव से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। एल्विश यादव और उनके पिता को विदेश के मोबाइल नंबर से रंगदारी का मैसेज आया है। दो दिन में रुपये नहीं देने पर गोली मारने की धमकी दी गई है। इसकी सूचना मिलने के बाद गुरुग्राम थाना सेक्टर-56 पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(2), 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज हुआ है।

शिकायत में एल्विश यादव ने बताया कि 5 मई को उनके पास विदेशी नंबर से वॉट्सऐप कॉल आई थी। वो यह कॉल उठा नहीं पाए थे। इसके कुछ देर बाद उन्हें विदेशी नंबर से एक वॉट्सएप मैसेज प्राप्त हुआ। मैसेज करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नजदीकी रणदीप मलिक बताया। मैसेज में 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। दो दिन के अंदर यह रकम देने के लिए कहा गया है। ऐसा नहीं करने पर गोली मारने की धमकी दी गई है।

एल्विश यादव ने शिकायत में बताया कि यह मैसेज न केवल उनके पास आया है बल्कि उनके पिता के मोबाइल पर भी यही मैसेज भेजा गया है। सेक्टर-56 थाना पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी के मुताबिक, मामले को जांच के लिए अपराध शाखा को सौंपा गया है। यह पता लगाया जा रहा है कि यह कॉल और मैसेज कहां से आया है।

पिछले साल एल्विश के घर पर हुई थी फायरिंग

बता दें कि 17 अगस्त, 2025 को एल्विश यादव के घर पर बाइक पर आए तीन बदमाशों ने करीब 24 गोलियां राउंड चलाकर दहशत फैला दी थी। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज किया था। अपराध शाखा फरीदाबाद ने इशांत नामक युवक को गिरफ्तार किया था। इसके बाद 23 अगस्त, 2025 को अपराध शाखा सेक्टर-40 ने एक आरोपी पर्वतीय कॉलोनी फरीदाबाद निवासी जतिन (24) को गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड से गिरफ्तार किया था। मामले में वॉन्टेड आरोपी फरीदाबाद निवासी गौरव व आदित्य को दिल्ली रोहिणी की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया था। अब एल्विश यादव को रंगदारी का यह मैसेज मिला है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।

सोशल मीडिया पर करोड़ों फॉलोअर्स

एल्विश यादव भारत के एक प्रसिद्ध यूट्यूबर, कंटेंट क्रिएटर और 'बिग बॉस ओटीटी 2' के विजेता हैं। वे अपनी देसी कॉमेडी और व्लॉग्स के लिए जाने जाते हैं। वे युवाओं के बीच अपनी 'सिस्टम' (System) शब्दावली के लिए काफी लोकप्रिय हैं। सोशल मीडिया पर उनकी फैन फोलोइंग करोड़ों में है। इंस्टाग्राम पर जहां उनके 2.06 करोड़ (20.6M) फॉलोअर्स हैं, तो वहीं YouTube पर उनके मुख्य चैनल पर लगभग 1.59 करोड़ और व्लॉग चैनल पर 89 लाख सब्सक्राइबर्स हैं। Facebook पर भी 4.7 मिलियन फॉलोअर्स हैं।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।