एल्विश यादव का गुरुग्राम वाला घर बना छावनी, स्पेशल प्रोटेक्शन यूनिट से बाइक राइडर दस्ते तक कैसे-कैसे इंतजाम

Praveen Sharma हिन्दुस्तान, गुरुग्राम
share

Elvish Yadav News : एल्विश यादव के मोबाइल फोन पर हाल ही में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से भेजे गए मैसेज में 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। रकम नहीं देने पर एल्विश को गोली मारने की धमकी दी गई है।

एल्विश यादव का गुरुग्राम वाला घर बना छावनी, स्पेशल प्रोटेक्शन यूनिट से बाइक राइडर दस्ते तक कैसे-कैसे इंतजाम

यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी दो के विजेता रहे एल्विश यादव अब एक बार फिर सुर्खियों में हैं। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगे जाने और रकम नहीं देने पर गोली मारकर हत्या करने की धमकी मिलने के बाद एल्विश के गुरुग्राम सेक्टर-56 स्थित आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

छावनी में तब्दील हुआ एल्विश का घर

एल्विश को धमकी मिलने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने उनके घर की सुरक्षा का घेरा बेहद कड़ा कर दिया गया है। वर्तमान में एल्विश के घर पर गुरुग्राम पुलिस की स्पेशल प्रोटेक्शन यूनिट (एसपीयू) को तैनात किया गया है। इसमें घर के मेन गेट और आसपास हथियारों से लैस छह पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही घर की ओर जाने वाले सभी प्रमुख रास्तों पर भी बैरिकेड्स लगा दिए गए हैं। वहां से गुजरने वाले हर संदिग्ध व्यक्ति की कड़ी जांच और कड़ी निगरानी की जा रही है।

स्पेशल राइडर दस्ता तैनात

पुलिस की तरफ से एल्विश यादव की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए एक स्पेशल बाइक राइडर दस्ता भी तैनात किया गया है, जो घर के आसपास की हर गतिविधि पर पैनी नजर रख रहा है। यह दस्ता घर के आसपास गश्त कर रहा है और संदिग्ध पर नजर भी रख रहा है। स्थानीय पुलिस कंट्रोल रूम की गाड़ियों को सेक्टर-56 और एल्विश के घर के आसपास निरंतर गश्त करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

मैसेज भेजने वाले ने रणदीप मलिक बताया था अपना नाम

जानकारी के अनुसार, एल्विश यादव के मोबाइल फोन पर 5 मई को एक धमकी भरा मैसेज प्राप्त हुआ था। मैसेज भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी रणदीप मलिक बताया था। एल्विश से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। 10 करोड़ रुपये देने के लिए मात्र दो दिन का समय दिया गया। धमकी में कहा गया कि यदि तय समय के भीतर रकम नहीं मिली, तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। इसके बाद एल्विश यादव पक्ष ने तुरंत इसकी लिखित शिकायत गुरुग्राम पुलिस को दी थी।

घर पर हो चुकी है फायरिंग

यह पहली बार नहीं है जब एल्विश यादव की सुरक्षा पर सवाल उठे हों। पिछले साल 17 अगस्त को भी एल्विश के घर के बाहर अज्ञात हमलावरों द्वारा ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी, जिसके बाद काफी विवाद हुआ था। इसके अलावा, एल्विश हाल के महीनों में सांप के जहर की सप्लाई से जुड़े कानूनी विवादों के कारण भी चर्चा में रहे थे।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।