दिल्ली के उत्तम नगर मर्डर मामले में एक और गिरफ्तारी, तरुण के भाई ने कहा- आरोपियों का एनकाउंटर हो

Mar 08, 2026 05:28 pm ISTSubodh Kumar Mishra पीटीआई, नई दिल्ली
share

दिल्ली पुलिस ने रविवार को होली की रात उत्तम नगर में दो परिवारों के बीच हुई झड़प में 26 साल के युवक की हत्या के सिलसिले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में अब तक कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है।

दिल्ली के उत्तम नगर मर्डर मामले में एक और गिरफ्तारी, तरुण के भाई ने कहा- आरोपियों का एनकाउंटर हो

दिल्ली पुलिस ने रविवार को होली की रात दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के उत्तम नगर में दो परिवारों के बीच हुई झड़प में 26 साल के युवक की हत्या के सिलसिले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में अब तक कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है।

पुलिस ने बताया कि पीड़ित परिवार के बयान दर्ज करने के बाद अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की कड़ी धाराएं भी लागू की गई हैं। गिरफ्तार किए गए आठवें आरोपी की पहचान 38 साल के इमरान उर्फ ​​बंटी के रूप में हुई है।

4 मार्च को जेजे कॉलोनी इलाके में 26 साल के तरुण के परिवार और पड़ोसियों के बीच हुए झगड़े में तरुण की मौत हो गई थी। पुलिस के अनुसार, होली के उत्सव के दौरान तरुण के परिवार की एक लड़की द्वारा फेंके गए गुब्बारे का पानी पड़ोसी परिवार की एक महिला पर गिरने के बाद विवाद शुरू हुआ।

पुलिस ने बताया कि दोनों परिवार लगभग पांच दशकों से एक-दूसरे को जानते थे, लेकिन पहले इलाके में पार्किंग और कचरा निपटान जैसे मुद्दों पर उनके बीच विवाद होते रहे थे। इससे पहले, पुलिस ने उमरदीन (49), जुम्मदीन (36), कमरुद्दीन (36), मुस्तैक (46), मुजफ्फर (25) और ताहिर (18) को गिरफ्तार किया था, जबकि एक नाबालिग को इस मामले में हिरासत में लिया गया था।

इस बीच, तरुण के भाई ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की और कहा कि वे बुलडोजर जैसी कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधियों का एनकाउंटर होना चाहिए। इन्होंने मेरे भाई की हत्या की है और इन्हें भी वही अंजाम भुगतना होगा। हम बुलडोजर जैसी कार्रवाई से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं।

होली के मौके पर हुई इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। शुक्रवार को एक गुस्साई भीड़ ने कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर आग लगा दी, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस और केंद्रीय बलों की तैनाती की गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि इलाके में स्थिति नियंत्रण में है और शांति भंग होने से रोकने के लिए कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने रविवार को एक विध्वंस अभियान चलाया और मामले के एक आरोपी से जुड़े घर के अवैध हिस्सों को ध्वस्त कर दिया। सूत्रों के अनुसार, नगर निगम के अधिकारी दो बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंचे और उन्होंने पूरे घर को नहीं बल्कि केवल अवैध रूप से निर्मित हिस्सों को ही ध्वस्त किया।

एमसीडी ने बताया कि यह कार्रवाई नालियों पर बने अतिक्रमणों को हटाने के अभियान के तहत की गई है, जो पानी के बहाव में बाधा डालते हैं। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विध्वंस अभियान के दौरान भारी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती जारी रही। अधिकारियों ने बताया कि निगरानी के लिए इलाके को जोन, सेक्टर और उप-सेक्टरों में विभाजित किया गया था।

Subodh Kumar Mishra

लेखक के बारे में

Subodh Kumar Mishra

सुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।

ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।